Spread the love

पड्डल मैदान से बाजार होते हुए सेरी मंच तक जाएगी महापदयात्रा, कार्यकर्ताओं से ‘मंडी चलो’ का आह्वान 

मंडी। भाजपा विधायक एवं प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल ने कहा कि आगामी 4 नवंबर को मंडी में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के समर्थन में भाजपा की पदयात्रा एवं जनसभा आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। पदयात्रा कार्यक्रम स्थल पर बने पड्डल मैदान से शुरू होकर बाजार होते हुए सेरी मंच तक पहुंचेगी।

राकेश जम्वाल ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से ‘मंडी चलो’ का आह्वान करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता का प्रतीक होगा।

पदयात्रा की तैयारियों को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रभारी एवं पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधायक इंद्र सिंह गांधी, पुराण ठाकुर, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, सचिन, प्रियंका शर्मा, प्रवक्ता पंकज जम्वाल तथा मेयर सुमन ठाकुर सहित पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में महापदयात्रा एवं जनसभा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

राकेश जम्वाल ने कहा कि एसआईआर को लेकर कांग्रेस जिस तरह भ्रम फैलाने और राजनीतिक आरोप लगाने का प्रयास कर रही है, भाजपा उसका तथ्यों के साथ जवाब देगी। मतदाता सूची का शुद्धिकरण और पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे संवेदनशील विषय पर जनता को गुमराह करने के बजाय तथ्यों के आधार पर चर्चा होनी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन खिसकने के डर से संवैधानिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रियाओं पर सवाल उठाकर जनता के बीच भ्रम पैदा करने का प्रयास कर रही है। भाजपा का उद्देश्य लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास मजबूत करना और मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रिया के प्रति जनजागरण करना है।

उन्होंने कहा कि 4 नवंबर को मंडी में होने वाली पदयात्रा केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया के समर्थन में जनजागरण का महत्वपूर्ण अवसर होगी। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर एसआईआर से जुड़े तथ्यों को रखेंगे और कांग्रेस के आरोपों का राजनीतिक एवं तथ्यात्मक जवाब देंगे। 

राकेश जम्वाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार की नाकामियों और जनविरोधी नीतियों को लेकर भी जनता में नाराजगी है। प्रदेश की जनता सरकार से अपने वादों, विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं पर जवाब चाहती है। भाजपा जनहित के मुद्दों पर सरकार को लगातार घेरती रहेगी और जनता की आवाज को मजबूती से उठाएगी।

उन्होंने पार्टी के जिला एवं मंडल पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अधिक से अधिक संख्या में मंडी पहुंचकर पदयात्रा एवं जनसभा को सफल बनाने का आह्वान किया।

राकेश जम्वाल ने कहा कि 4 नवंबर को मंडी से भाजपा की एकजुट आवाज कांग्रेस के भ्रम और झूठे प्रचार का जवाब देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से “मंडी चलो” का आह्वान किया और कहा कि सभी लोकतंत्र की मजबूती और मतदाता सूची की पारदर्शिता के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद करें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed