Spread the love

8.60 करोड़ की क्यारा-भौवां सड़क का भूमि पूजन, 1.87 करोड़ के पीएचसी भवन का किया निरीक्षण 

राथल मेले में देवताओं का लिया आशीर्वाद 

शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने रविवार को जुब्बल उपमंडल के शुराचली क्षेत्र के प्रवास के दौरान ग्राम पंचायत भोलाड़ में विभिन्न विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन, निरीक्षण और उद्घाटन किया। उन्होंने 8 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से स्तरोन्नत होने वाली क्यारा-भौवां सड़क का भूमि पूजन किया। इसके अलावा 1 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोलाड़ के भवन का निरीक्षण किया तथा 3 लाख रुपये की लागत से निर्मित जिम का उद्घाटन किया। 

सड़कें पहाड़ों की जीवन रेखा – रोहित ठाकुर

शिक्षा मंत्री ने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में सड़कें विकास की आधारभूत जरूरत हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण सड़कें ही गांव-गांव तक विकास और मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने का प्रमुख माध्यम हैं। बागवानी बहुल क्षेत्रों में सड़कों का महत्व और अधिक बढ़ जाता है, क्योंकि इनके माध्यम से बागवान अपने उत्पाद समय पर बाजार तक पहुंचा पाते हैं। उन्होंने कहा कि इसी दृष्टिकोण से जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में अब तक 182 नई सड़कों का निर्माण किया गया है और विकास की यह प्रक्रिया लगातार जारी है। वर्तमान में जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के तहत करीब 550 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं, जिनमें विभिन्न सड़कों और भवनों का निर्माण शामिल है। 

शुराचली से भावनात्मक और पारिवारिक रिश्ता 

रोहित ठाकुर ने कहा कि शुराचली क्षेत्र से उनका भावनात्मक और पारिवारिक संबंध रहा है और क्षेत्र के विकास को वह हमेशा प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के प्रमुख मार्ग सरस्वती नगर-झड़ाशली सड़क को 17 करोड़ रुपये की लागत से स्तरोन्नत किया जा रहा है। इसके अलावा 4 करोड़ रुपये की लागत से 15 नई सड़कों का निर्माण किया गया है, जबकि 11 नई सड़कों को पक्का किया गया है। वार्षिक मरम्मत योजना के तहत एक करोड़ रुपये की लागत से पांच किलोमीटर लंबी भोलाड़-छुपाड़ी सड़क को भी स्तरोन्नत किया गया है। स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोलाड़ का निर्माण करीब 1.83 करोड़ रुपये की लागत से प्रगति पर है। यह शुराचली क्षेत्र का महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान होगा और इसके बनने से स्थानीय लोगों को घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने अधिकारियों को पीएचसी भवन का निर्माण इसी वर्ष नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पब्बर नदी पर चामशू में 5.55 करोड़ रुपये की लागत से बड़े पुल का निर्माण भी जारी है। इसके बनने से जुब्बल के साथ-साथ रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के लोगों को भी लाभ मिलेगा।

राथल मेले में देवताओं का लिया आशीर्वाद 

शिक्षा मंत्री ने शुराचली क्षेत्र में आयोजित ऐतिहासिक जिला स्तरीय राथल मेले के अंतिम दिन भी शिरकत की। उन्होंने विभिन्न देवताओं का आशीर्वाद लिया और सांस्कृतिक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया।

रोहित ठाकुर ने कहा कि राथल मेले का इतिहास सदियों पुराना है और यह क्षेत्र की गहरी धार्मिक आस्था तथा समृद्ध देव संस्कृति का प्रतीक है। मेले में क्षेत्र के चार प्रमुख देवता बनाड़, देशमौलिया, पवासी और गुडारू शामिल होते हैं। इन देवताओं का संबंध क्रमशः शुराचली क्षेत्र सहित मांदल, ढाड़ी, भोलाड़ और छुपाड़ी गांवों से है। मेले में स्थानीय लोगों के अलावा पड़ोसी रोहड़ू क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

उन्होंने क्षेत्रवासियों और मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं को राथल मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेले और त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति के जीवंत प्रतीक हैं। आने वाली पीढ़ियों के लिए इन सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से अपनी पुरातन संस्कृति और देव परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति आपसी प्रेम, सद्भाव और मेलजोल का संदेश देती है। आधुनिक और वैज्ञानिक युग में वैश्विक परिस्थितियों के साथ आगे बढ़ना जरूरी है, लेकिन अपनी मूल संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। मेले के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिमाचल के नामचीन कलाकारों ने प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। 

इस अवसर पर जुब्बल-कोटखाई-नावर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, जिला परिषद सदस्य सरस्वती नगर नेहा मेहता, निदेशक हिमफेड भीम सिंह झोहटा, पूर्व जिला परिषद सदस्य मोतीलाल डेरटा, पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष कमलेश ठाकुर, उपाध्यक्ष लोकपाल शरखोली, पूर्व पंचायत समिति उपाध्यक्ष संदीप सेहटा, पूर्व जिला परिषद सदस्य कौशल मुंगटा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक काल्टा, बीडीसी अध्यक्ष कमलेश झगटा, ग्राम पंचायत भोलाड़ के प्रधान प्रेमलाल रुनेटा सहित आसपास की पंचायतों के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी, नायब तहसीलदार सरस्वतीनगर दिनेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *