Spread the love

शाहपुर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी  शाहपुर के अध्यक्ष सुरेश कुमार पटाकू, महिला कांग्रेस अध्यक्ष नीना ठाकुर, एसटी प्रकोष्ठ अध्यक्ष वाली राम, पूर्व प्रधान अजय बबली, एससी प्रकोष्ठ के महासचिव प्रभात चंद तथा युवा कांग्रेस अध्यक्ष दिव्यांश कटोच ने कहा कि पहली बार विधायक बनने के बावजूद उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने यह साबित किया है कि राजनीति का वास्तविक उद्देश्य जनता की सेवा करना तथा हर सुख-दुःख में उनके साथ मजबूती से खड़ा रहना है।

इन कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि बरसात के मौसम से पहले ही संभावित प्राकृतिक आपदाओं को ध्यान में रखते हुए विधायक केवल सिंह पठानिया ने डिजास्टर मैनेजमेंट कमेटी की बैठक आयोजित की थी। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने तथा राहत एवं बचाव कार्यों को तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तथा पंचायत स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अलग-अलग समितियां गठित की गई थीं। इन समितियों को भारी वर्षा के दौरान जनता की सहायता करने, प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने तथा जरूरतमंद लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बोह क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान विधायक केवल सिंह पठानिया, जिला प्रशासन तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पूर्व तैयारियों, सतर्कता और निरंतर निगरानी के कारण राहत एवं बचाव कार्य बिना किसी विलंब के शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के बेहतर समन्वय से प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत पहुंचाई गई तथा संकट की स्थिति को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण सफलता मिली। इस दौरान विधायक स्वयं लगातार प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद रहकर राहत एवं पुनर्वास कार्यों की निगरानी करते रहे।

इन नेताओं ने संयुक्त बयान में कहा गया कि विधायक केवल सिंह पठानिया का राजनीति में आने का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता की निस्वार्थ सेवा करना और क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। पिछले साढ़े तीन वर्षों में उन्होंने विकास कार्यों के साथ-साथ हर संकट की घड़ी में जनता के बीच रहकर अपने दायित्व का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी विभिन्न सार्वजनिक मंचों से विधायक केवल सिंह पठानिया की जनसेवा और विकास कार्यों की सराहना की है।

 वहीं, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार द्वारा भी उनके कार्यों की प्रशंसा किया जाना इस बात का प्रमाण है कि उनकी कार्यशैली और जनसेवा को राजनीतिक सीमाओं से ऊपर उठकर सम्मान प्राप्त हो रहा है।

संयुक्त बयान में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शाहपुर की जनता को इस बात का गर्व है कि जिस जनप्रतिनिधि पर उन्होंने विश्वास जताकर विधानसभा भेजा, वह आज जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतर रहा है। विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं द्वारा विधायक केवल सिंह पठानिया के कार्यों की सराहना उनकी जनस्वीकार्यता, संवेदनशील नेतृत्व तथा जनसेवा के प्रति समर्पण का सशक्त प्रमाण है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *