Spread the love

शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा पार्क एवं निर्माणाधीन युद्ध स्मारक के परिसर में मनाया गया कारगिल विजय दिवस

हमीरपुर। कारगिल विजय दिवस रविवार को हमीरपुर में भी पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। इस उपलक्ष्य पर शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा पार्क एवं निर्माणाधीन युद्ध स्मारक के परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने मुख्य अतिथि और उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

 इस अवसर पर कारगिल युद्ध के शहीदों, इस युद्ध में भाग लेने वाले अन्य वीर सैनिकों, अन्य युद्धों एवं सैन्य ऑपरेशनों के शहीदों, भूतपूर्व सैनिकों एवं सेवारत सैनिकों के योगदान का स्मरण करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि इन वीरों के शौर्य एवं बलिदान की कहानियां सदैव अमर रहेंगी और प्रत्येक भारतवासी सैनिकों के सर्वोच्च के बलिदान के प्रति कृत्तज्ञ रहेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शहीदों के परिजनों, भूतपूर्व सैनिकों और सेवारत सैनिकों के कल्याण के लिए कृतसंकल्प है।

 कार्यक्रम के दौरान कारगिल के युद्ध में शहीद हुए जिला हमीरपुर के 8 सैनिकों हवलदार कश्मीर सिंह, हवलदार राजकुमार, सिपाही दिनेश कुमार, राइफलमैन दीप चंद, हवलदार स्वामी दास चंदेल, राइफलमैन प्रवीण कुमार, राइफलमैन सुनील कुमार और सिपाही राकेश कुमार के परिजनों को सम्मानित भी किया गया।

 सैनिक कल्याण विभाग के उपनिदेशक स्क्वाड्रन लीडर मनोज राणा ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, शहीद सैनिकों के परिजनों और सभी भूतपूर्व सैनिकों का स्वागत किया और कारगिल युद्ध के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने शहीदों के सम्मान की शपथ भी दिलाई। कारगिल युद्ध में घायल हुए भूतपूर्व सैनिक मेहर सिंह ने इस युद्ध के अनुभव साझा किए। डिग्री कालेज हमीरपुर के विद्यार्थियों जतिन कुमार, ऐपशिता और अंशिता ने भी कारगिल युद्ध की विजय पर अपने विचार रखे।

 इससे पहले, कार्यक्रम के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू, उपायुक्त गंधर्वा राठौड़, एसपी बलवीर सिंह, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमन भारती, एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, एडीसी अभिषेक गर्ग, नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा, सैनिक कल्याण विभाग के उपनिदेशक स्क्वॉड्रन लीडर मनोज राणा, एसडीएम संजीत सिंह, होमगार्ड्स के कमांडेंट विनय कुमार, अन्य अधिकारियों, कांग्रेस नेता राजेश आनंद और अन्य गणमान्य लोगों ने शहीदों को पुष्पांजलि दी। पुलिस की गार्द ने भी सशस्त्र बलों की परंपराओं के अनुसार सलामी दी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *