बोले – पूर्व भाजपा सरकार की लापरवाही से रुकी परियोजना की प्रगति
सुक्खू सरकार ने बढ़ाया बजट और विकास कार्यों को दी गति : संजय सिंह चौहान
पालमपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष संजय सिंह चौहान ने सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार द्वारा परौर पॉलीटेक्निक कॉलेज को लेकर दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जनता को गुमराह करने की राजनीति अब बंद होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परौर पॉलीटेक्निक कॉलेज की वर्तमान स्थिति पूर्व भाजपा सरकार की नीतिगत विफलताओं, प्रशासनिक लापरवाही और सुलह क्षेत्र के प्रति उपेक्षापूर्ण रवैये का प्रत्यक्ष परिणाम है।
संजय सिंह चौहान ने कहा कि जब प्रदेश में भाजपा सरकार सत्ता में थी और विपिन परमार प्रभावशाली पदों पर रहे, तब परौर पॉलीटेक्निक कॉलेज पर मात्र लगभग 6 करोड़ 60 लाख रुपये खर्च किए गए। इसके विपरीत मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली वर्तमान सरकार ने अब तक इस परियोजना पर लगभग 8 करोड़ 57 लाख रुपये व्यय किए हैं। उन्होंने कहा कि यह आंकड़े स्वयं इस बात का प्रमाण हैं कि वर्तमान सरकार इस संस्थान को मजबूत करने, आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा इसे पूर्ण क्षमता के साथ संचालित करने के लिए पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
चौहान ने कहा कि यदि विपिन परमार को वास्तव में परौर पॉलीटेक्निक कॉलेज और क्षेत्र के युवाओं की चिंता होती, तो अपने कार्यकाल के दौरान ही इसकी सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी औपचारिकताएं पूरी करवा दी जातीं। लेकिन भाजपा सरकार के कार्यकाल में इस महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थान की लगातार अनदेखी की गई और आज वही लोग राजनीतिक लाभ के लिए बयानबाजी कर रहे हैं।
संजय सिंह चौहान ने कहा कि सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि जब प्रदेश और केंद्र दोनों स्थानों पर भाजपा की डबल इंजन सरकार थी, तब भी परौर पॉलीटेक्निक कॉलेज की एफिलिएशन क्यों नहीं करवाई गई। यदि भाजपा वास्तव में इस संस्थान के भविष्य को लेकर गंभीर होती, तो केंद्र सरकार के माध्यम से समय रहते एफिलिएशन की प्रक्रिया पूरी करवाई जा सकती थी। लेकिन भाजपा सरकारों ने घोषणाएं करने, शिलान्यास करने और उद्घाटन के पट्ट लगाने तक ही अपनी जिम्मेदारी सीमित रखी। आज उसी लापरवाही का खामियाजा क्षेत्र के युवा भुगत रहे हैं।
संजय चौहान ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार विकास कार्यों को धरातल पर पूरा करने की बजाय केवल शिलान्यास और उद्घाटन की राजनीति करती रही। परियोजनाओं का उद्घाटन तो कर दिया गया, लेकिन उन्हें सुचारु रूप से संचालित करने, आवश्यक स्टाफ उपलब्ध कराने तथा जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने की दिशा में कोई गंभीर प्रयास नहीं किए गए। यही कारण है कि आज भाजपा उन्हीं परियोजनाओं पर राजनीति कर रही है, जिन्हें अपने कार्यकाल में पूरा करने में वह स्वयं विफल रही।
संजय सिंह चौहान ने कहा कि विपिन परमार यह भी बताएं कि महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों, जैसे आरडीजी, चढ़ावा चोरी तथा अन्य लंबित विकास कार्यों के समाधान के लिए उन्होंने अब तक मुख्यमंत्री, संबंधित मंत्रियों अथवा केंद्र सरकार के समक्ष कितनी बार मामला उठाया और उससे क्या ठोस उपलब्धि हासिल हुई। जनता यह भी जानना चाहती है कि विधायक होने के नाते उन्होंने इन समस्याओं के समाधान के लिए कौन-कौन से प्रभावी प्रयास किए। उन्होंने कहा कि केवल प्रेस बयान जारी करने और राजनीतिक आरोप लगाने से क्षेत्र का विकास नहीं होता, बल्कि जनहित के मुद्दों पर ठोस कार्रवाई और परिणाम जरूरी हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में वर्तमान सरकार परौर पॉलीटेक्निक कॉलेज सहित प्रदेश के सभी शैक्षणिक संस्थानों में बिना किसी भेदभाव के आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने, आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के लिए पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के विद्यार्थियों को समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
संजय सिंह चौहान ने कहा कि सुलह की जनता अब केवल घोषणाओं, शिलान्यासों और उद्घाटन के पट्टों की राजनीति से आगे बढ़ चुकी है। जनता को अब धरातल पर विकास के वास्तविक परिणाम चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा को वर्तमान सरकार पर निराधार आरोप लगाने के बजाय अपने कार्यकाल की नाकामियों का जवाब देना चाहिए। परौर पॉलीटेक्निक कॉलेज की वर्तमान स्थिति इस बात का प्रमाण है कि डबल इंजन सरकार होने के बावजूद न तो समय पर एफिलिएशन दिलाई गई और न ही संस्थान को पूर्ण रूप से विकसित किया गया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्तमान सरकार बिना किसी भेदभाव के अधूरे विकास कार्यों को पूरा करते हुए प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र का संतुलित एवं समग्र विकास सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
