Spread the love

राजस्व मंत्री ने विकास कार्यों पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की‌ 

रिकांगपिओ। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने मंगलवार को पंचायत घर कल्पा में वन विभाग, लोक निर्माण कल्पा मण्डल, जल शक्ति रिकांगपिओ मण्डल, खण्ड विकास कार्यालय, पंचायत विभाग, कल्याण विभाग, कार्यक्रम आईसीडीएस, युवा सेवा एवं खेल, बागवानी, कृषि तथा परियोजना आतमा विभाग के अधिकारियों के साथ विभागों द्वारा चलाई जा रही विकास कार्यों तथा योजनाओं की स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक ली।

कैबिनेट मंत्री ने विभागों के अधिकारियों से लंबित पडे़ विकास कार्यों को समयबद्ध सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि स्थानीय लोगों को लाभ मिल सके और ग्रामीण अधोसंरचना का विकास संभव हो सकें। इसके अतिरिक्त, कल्पा क्षेत्र में पेयजल की समस्या, कल्पा कण्डे को सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करना, कचरा प्रबंधन व पृथक्करण, सट्रीट लाइटों व सार्वजनिक शौचालयों के रखरखाव के संदर्भ में विस्तृत चर्चा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

जगत सिंह नेगी ने कृषि एवं बागवानी अधिकारियो को कीटनाशक, फफूंदनाशक व नवीन सेब की किस्मों पर सटीक जानकारी प्रदान करने के निर्देश दिए ताकि जलवायु परिवर्तन के दौर में छोटे व सीमांत बागवानों को आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त हो सके। उन्होंने बताया कि वैश्विक प्रतिस्पर्धा के दौर में किन्नौर के बागवान आधुनिक तकनीक का प्रयोग करें और फल मंडियों में बेहतर मूल्य प्राप्त कर सके और क्षेत्र में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को इन  प्रयोगों से बल मिलेगा। 

राजस्व मंत्री ने आश्वासन दिया कि शिक्षा, पशुपालन, स्वास्थ्य व राजस्व विभागों में रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाएगा जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी। 

बैठक में उप-मण्डलाधिकारी कल्पा प्रवीण भारद्वाज, सहायक आयुक्त विपिन कुमार, ग्राम पंचायत प्रधान कल्पा सुनीता नेगी, पंचायत समिति सदस्य कल्पा वेद प्रकाश नेगी, अधिशाषी अभियन्ता विद्युत टाशी छोडुप नेगी, अधिशाषी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग ललित जरयाल, आतमा परियोजना के प्रोजेक्ट अधिकारी डॉ. रोमेश लाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी जय कुमार गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गैर सरकारी सदस्य व कर्मचारी उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *