Spread the love

राजस्व मंत्री ने किन्नर कैलाश यात्रा के संदर्भ में की अफसरों के साथ बैठक 

रिकांगपिओ। राजस्व मंत्री जगत सिंह ने शुक्रवार को यहां एकीकृत जनजातीय विकास प्राधिकरण भवन में किन्नर कैलाश यात्रा के संदर्भ में बैठक की अध्यक्षता की।

कैबिनेट मंत्री ने स्थानीय हित धारकों पोवारी, पूरबनी व रिब्बा पंचायतों के जनप्रतिनिधियों से गहनता से विचार विमर्श किया और किन्नर कैलाश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर एवं सुगम एहसास करवाने पर स्थानीय पंचायत जन प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा की। 

जगत सिंह नेगी ने कहा कि इस वर्ष किन्नर कैलाश यात्रा 1 जुलाई से 30 जुलाई तक आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि देव समाज की भावनाओं को देखते हुए सफाई व्यवस्था व पर्यावरण संतुलन का यात्रा के दौरान ख्याल रखा जाएगा और एक बैच में 375 श्रद्धालु शिवलिंग के लिए रवाना किए जाएंगे तथा उनके साथ जाने वाले स्थानीय गाइड का पंजीकरण जिला प्रशासन द्वारा किया जाएगा और उन्हें पहचान पत्र प्रदान किए जाएंगे ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा का सुगम एहसास हो सके।

जनजातीय विकास मंत्री ने बताया कि किन्नर कैलाश यात्रा से स्थानीय युवाओं को रोजगार के साधन विशेषकर साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में सृजित होंगे तथा पर्यटन संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। जगत सिंह नेगी ने देव समाज के लोगों को आश्वस्त किया की यात्रा के दौरान उनकी भावनाओं को आहत नहीं किया जाएगा। 

उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बैठक का संचालन किया और जिला प्रशासन द्वारा प्रदान की जाने वाली किन्नर कैलाश यात्रा के दौरान विशेष सुविधाओं पर प्रकाश डाला।

बैठक में पुलिस अधीक्षक किन्नौर सुशील कुमार शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डॉ. सुधीर नेगी सहित पर्यटन गतिविधियों एवं पर्यटन व्यवसाय से जुड़े स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *