Spread the love

रिकांगपिओ। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने मंगलवार को यहां जिला स्तरीय जन शिकायत निवारण समिति बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने उपस्थित जल शक्ति, विद्युत, लोक निर्माण विभाग व वन विभाग के अधिकारियों से जिला में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का ब्यौरा मांगा तथा इस सन्दर्भ में विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में पंचायत जन प्रतिनिधि व गैर सरकारी सदस्यों ने चांगो नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों के रिक्त पदों, रूपी वैली में लो वोल्टेज की समस्या व हिमाचल पथ परिवहन निगम की नियमित बस सेवा, निचार उपमण्डल में विद्युत ट्रांसफार्मर को स्तरोन्नत करना, सम्पर्क सड़कों का समयबद्ध सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करना, आयुष विभाग के औषधालयों के रिक्त पदों को भरना, मूरंग गांव में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करना, सापनी क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करना तथा तंगलिंग गांव में पेयजल पाइपलाईन की मरम्मत करना मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। 

जनजातीय विकास मंत्री ने बैठक में कहा कि निर्माणकार्यों में कोताही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी ताकि सरकारी धन का दुरुपयोग सम्भव न हो सके। उन्होेंने बताया कि वर्तमान प्रदेश सरकार जनजातीय व दुर्गम क्षेत्रों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा व्यवस्था परिवर्तन के दौर में सीमावर्ती क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास पर बल दिया जा रहा है ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को संबल मिल सके। 

आईटीडीपी परियोजना अधिकारी घनश्याम दास शर्मा ने बैठक का संचालन किया तथा विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी प्रदान की। 

बैठक में उप मण्डलाधिकारी कल्पा अमित कल्थायीक, शिमला किन्नौर उपज मण्डी समिति के निदेशक उमेश नेगी, शिमला किन्नौर उपज मण्डी समिति के निदेशक प्रेम नेगी, अखिल भारतीय मज़दूर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मान चन्द नेगी, जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सरोज नेगी, शूदारंग पंचायत के प्रधान कुलवंत सिंह नेगी, गैर सरकारी सदस्य सहित पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *