इस सम्मेलन में जहां पांच राज्यों के पीठासीन अधिकारी भाग ले रहे हैं, वहीं कई प्रमुख राज्य विधान मण्डलों के पीठासीन अधिकारियों को भी इसमें विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इस राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ सम्मेलन का शुभारम्भ करने के लिए राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला विशेष रूप से शामिल होंगे, जबकि हरियाणा के मुख्य मंत्री नायब सिंह तथा राज्य सभा के उप-सभापति डॉ. हरिवंश सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. अशीम कुमार घोष सम्मेलन के समापन के मुख्य अतिथि होंगे।
सम्मेलन के दौरान “विकसित भारत 2047: राष्ट्रीय लक्ष्य को पाने में जागरूक नागरिक, समाज और युवा विधायकों की भूमिका” विषय पर गहन मन्थन किया जाएगा। 8 जून, 2026 को लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला सम्मेलन का शुभारम्भ करेंगे।इसमें पांच राज्यों के पीठासीन अधिकारियों के अलावा विशेष रूप से आमंत्रित पीठासीन अधिकारी भी भाग लेंगे, जबकि 9 जून, 2026 को “दी ललित होटल” आईटी पार्क चण्डीगढ़ में “विकसित भारत 2047: राष्ट्रीय लक्ष्य को पाने में जागरूक नागरिक, समाज और युवा विधायकों की भूमिका” विषय पर गहन एवं विस्तृत चर्चा हेतु तीन सत्र आयोजित किए जाएंगे।
हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 9 जून, 2026 को सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे तथा इस विषय पर अपने विचारों को सांझा करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष के साथ सचिव यशपाल शर्मा भी सम्मेलन में भाग लेने चण्डीगढ़ जाएंगे।
