Spread the love

नेता प्रतिपक्ष बोले – आम जनता को गुमराह कर रही है प्रदेश की कांग्रेस सरकार 

कहा – झूठ की गारंटी, जनता से वसूली की नीति चला रही है प्रदेश सरकार 

125 यूनिट मुफ्त बिजली छीनकर अब छात्रों और आम लोगों पर डाला जा रहा आर्थिक बोझ 

चुनाव आयोग ले संज्ञान, आचार संहिता का खुलेआम हो रहा उल्लंघन

मंडी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शनिवार को यहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत और नगर परिषद चुनाव परिणाम में कांग्रेस की हार की बौखलाहट प्रदेश सरकार की मंत्रिमंडल में देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार झूठ, छल और जनता से वसूली की राजनीति कर रही है। चुनावों के समय बड़ी-बड़ी गारंटियां देने वाली कांग्रेस अब जनता से किए गए वादों से पीछे हट चुकी है।

जयराम ठाकुर ने यहां प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि सुक्खू सरकार ने बिजली पर जनता से वादाखिलाफी और जनता पर आर्थिक हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की गारंटी दी थी, लेकिन सत्ता में आते ही भाजपा सरकार के समय प्रदेशवासियों को दी जा रही 125 यूनिट मुफ्त बिजली सुविधा भी समाप्त कर दी। जिन परिवारों के बिजली बिल पहले शून्य आते थे, अब उन्हें कम से कम 750 रुपये तक का बिल भरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले स्लैब आधारित सब्सिडी खत्म कर बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी की और अब घर से बाहर रहकर पढ़ाई तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से भी महंगी बिजली वसूली जा रही है। इसके साथ ही होटल, निजी अस्पताल, पेट्रोल पंप, शॉपिंग मॉल और मल्टीप्लेक्स सहित कई श्रेणियों पर अतिरिक्त बिजली सेस लगाया जा रहा है। पहले दूध सेस और पर्यावरण सेस लगाया गया और अब लगातार नए कर लगाकर जनता की जेब पर बोझ बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने मेडिकल कॉलेजों में प्रोफेसरों के कार्यकाल बढ़ाने के फैसले पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार अपनी वित्तीय देनदारियों को आगे खिसकाने का प्रयास कर रही है। सरकार रिटायर कर्मचारियों के जीपीएफ और अन्य भुगतान तक समय पर नहीं कर पा रही है। 

जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर आचार संहिता उल्लंघन के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस इस मामले की मास्टरमाइंड रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों से पहले महिलाओं और युवाओं से विभिन्न योजनाओं के नाम पर फॉर्म भरवाए गए, लेकिन बाद में वे फॉर्म कार्यालयों में धूल खाते रहे। लोकसभा चुनावों के दौरान भी सम्मान निधि के नाम पर चुनावी लाभ लेने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रदेश की अधिकांश महिलाओं को उसका लाभ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि मंडी नगर निगम चुनावों के दौरान भी मुख्यमंत्री लगातार घोषणाएं कर रहे हैं और जनता को प्रलोभन देने का प्रयास किया जा रहा है। कैबिनेट बैठकों और मीडिया के माध्यम से बड़ी-बड़ी घोषणाएं कर चुनावी माहौल प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। 

जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार झूठ बोलकर प्रदेश की जनता को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सामाजिक सुरक्षा और समाज कल्याण योजनाओं के बजट में भारी कटौती की गई है। केंद्र से मिलने वाले फंड का भी सही उपयोग नहीं हो रहा और प्रदेश पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब सरकार की कथनी और करनी का अंतर समझ चुकी है और समय आने पर लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी। 

प्रेस वार्ता में उनके साथ विधायक अनिल शर्मा, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, भाजपा जिला अध्यक्ष निहालचंद शर्मा, मीडिया प्रभारी राकेश वालिया, जिला महामंत्री मांचली ठाकुर, वीरेंद्र भट एवं चमन कपूर उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *