कहा – संगठन सृजन के तहत की गई जिलाध्यक्षों की नियुक्तियों ने प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को एक नई दिशा दी
शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि प्रदेश कांग्रेस, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में दिए गए दिशानिर्देशों और विचारों का पूर्ण रूप से अनुसरण करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्षों का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल थी, जिसने पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, उत्साह और समर्पण की भावना का संचार किया है।
विनय कुमार ने कहा कि संगठन सृजन के तहत की गई जिलाध्यक्षों की नियुक्तियों ने प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को एक नई दिशा दी है। इससे न केवल संगठनात्मक ढांचे को मजबूती मिली है, बल्कि कार्यकर्ताओं में नेतृत्व के प्रति विश्वास भी और अधिक सुदृढ़ हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सकारात्मक ऊर्जा को आगे बढ़ाते हुए पार्टी प्रदेश में जनसरोकारों के मुद्दों को ओर मजबूती से उठाएगी। उन्होंने हिमाचल प्रदेश, पंजाब एवं जम्मू-कश्मीर के जिला अध्यक्षों के सफल प्रशिक्षण कार्यक्रम के आयोजन के लिए सभी पार्टी पदाधिकारियों, आयोजकों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इतने व्यापक स्तर पर आयोजित यह कार्यक्रम कांग्रेस संगठन की प्रतिबद्धता और अनुशासन का परिचायक है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा जिलाध्यक्षों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना, पूरे देश के कार्यकर्ताओं के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि कांग्रेस पार्टी में जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं का पूरा सम्मान किया जाता है। संगठन में मेहनत और समर्पण के आधार पर आगे बढ़ने के असीम अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि आम जनता के साथ सीधा संवाद कैसे स्थापित किया जाए, उनके मुद्दों को कैसे समझा जाए और उन्हें संगठन से जोड़कर जनआंदोलन को कैसे मजबूत किया जाए। केंद्रीय नेतृत्व द्वारा जिला अध्यक्षों को दिए गए मार्गदर्शन को उन्होंने अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह आने वाले समय में संगठन की रीढ़ साबित होगा।
विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब इसी तर्ज पर प्रदेश में सभी स्तरों के पदाधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिससे कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों, विचारधारा और कार्यक्रमों की गहरी समझ विकसित हो सके। साथ ही आधुनिक समय में सोशल मीडिया और जनसंपर्क के नए तरीकों के माध्यम से जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचने की रणनीति भी सिखाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कांग्रेस पार्टी को आने वाले समय में और अधिक मजबूत, संगठित और जनहित के मुद्दों पर संघर्षशील बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।
विनय कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में इस प्रकार का व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम पहली बार आयोजित किया गया है। इसकी सफलता यह दर्शाती है कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में पूरी तरह सक्रिय, संगठित और जनहित के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के मार्गदर्शन में कांग्रेस पार्टी देशभर में नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगी और जनहित के मुद्दों पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगी।
