Spread the love

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष ने आचार संहिता के बीच सुक्खू सरकार की कार्यप्रणाली पर किया प्रहार 

आरोप – आउटसोर्स एजेंसियों वाले ठेकदार कांग्रेसी नेता दे रहे रोजगार का प्रलोभन 

​मंडी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि वर्तमान कांग्रेस सरकार आदर्श चुनाव आचार संहिता का खुला उल्लंघन कर अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने और मित्रों को संरक्षण देने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि जब पूरे प्रदेश में चुनावी माहौल है और नियम प्रभावी हैं, तब सरकार पर्दे के पीछे से गैर-कानूनी गतिविधियों को अंजाम दे रही है, जिसे भारतीय जनता पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी और इन तमाम गतिविधियों पर पार्टी की पैनी नजर बनी हुई है। 

मंडी से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार के विभिन्न बोर्डों और निगमों में तैनात पदाधिकारी सरकारी संसाधनों और जनता के पैसे का दुरुपयोग कर चुनावी प्रचार में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह न केवल अनैतिक है, बल्कि सीधे तौर पर चुनाव आयोग के नियमों की अवहेलना है। ऐसे में आयोग को तत्काल संज्ञान लेकर इन अधिकारियों और पदाधिकारियों की गतिविधियों पर रोक लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स एजेंसियों के माध्यम से बेरोजगारों को रोजगार के प्रलोभन दिए जा रहे हैं जो चुनाव के दौरान गलत परम्परा है। हमें जानकारी है कि अधिकांश ऐसी एजेंसियां कांग्रेस के उन नेताओं की हैं जिन्हें मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू  का संरक्षण प्राप्त है। चुनाव में ये लोग बहुत सक्रिय हैं और खासकर युवाओं को रोज़गार के नाम पर गुमराह कर अपने चहेते प्रत्याशियों को लाभ पहुंचाने की मंशा से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज का मतदाता बहुत समझदार है। कांग्रेस के झूठे वायदे और ऐसे पैंतरों से चुनाव में कोई लाभ इन्हें मिलने वाला नहीं है। सराज के छतरी दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस के छुटभैया नेता तक सरकार की धौंस दिखाकर चुनाव में गलत हथकंडे अपना रहे हैं। 

जयराम ठाकुर ने चेतावनी दी कि लोकतंत्र में आचार संहिता की गरिमा सर्वोपरि होती है और यदि सरकार इसी तरह ‘मित्रों’ को उपकृत करने के लिए संस्थानों का दुरुपयोग करती रही, तो भाजपा न केवल इसकी शिकायत चुनाव आयोग से करेगी, बल्कि जनता की अदालत में भी सरकार को बेनकाब किया जाएगा। जयराम ठाकुर के अनुसार, सुक्खू सरकार अपनी हार सुनिश्चित देख अब बौखलाहट में ऐसे कदम उठा रही है जो प्रशासनिक मर्यादाओं के विपरीत हैं, और उन्होंने सरकारी मशीनरी को आगाह किया कि वे सत्ता के दबाव में आकर किसी भी अवैध कार्य का हिस्सा न बनें क्योंकि समय आने पर हर गलत फैसले का हिसाब लिया जाएगा। 

जयराम ठाकुर ने भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और चुनावी नियमों के उल्लंघन को आधार बनाकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा है कि सरकार पहले ही चुनाव में हार मान चुकी है। अब धनबल के सहारे चुनाव को प्रभावित करने के हथकंडे अपनाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने स्थानीय निकाय चुनाव के लिए पार्टी की तरफ से अधिकांश जगह अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं और जल्द सभी जगह प्रत्याशियों का ऐलान पार्टी कर देगी। चुनाव स्वतंत्र तरीके और पारदर्शिता से होने चाहिए। अगर सरकार ने धनबल का प्रयोग और अनैतिक तरीके अपनाए तो भाजपा करारा जवाब देना जानती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *