शिमला। जिला शिमला पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना ठियोग पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने ठियोग बाईपास पर नाका ड्यूटी के दौरान कार्रवाई करते हुए एक वाहन से करीब 9 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को ठियोग थाना की पुलिस टीम बाईपास, ठियोग के समीप नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक विश्वसनीय सूचना मिली कि फागू की ओर से मैग्नेट ग्रे रंग का एक वाहन ठियोग बाईपास की ओर आ रहा है, जिसमें तीन व्यक्ति सवार हैं और वे चिट्टा/हेरोइन की खरीद-फरोख्त में संलिप्त हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए वाहन को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से लगभग 9 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन में सवार तीनों व्यक्तियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन (21 वर्ष), निवासी वीपीओ चिढाना, तहसील गोहाना, जिला सोनीपत (हरियाणा), नितिश पांडे (26 वर्ष), निवासी जगतपुर, एसएएस नगर मोहाली (पंजाब) तथा रितिक सूरजभान (27 वर्ष), निवासी गांव शलाना, डाकघर व तहसील खरखौदा, जिला सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है।
इस संबंध में थाना ठियोग में एनडीपीएस की धारा 21 और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच जारी है, ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।
