गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं भाजपा के नेता : संजय सिंह चौहान
केंद्र में जेपी नड्डा और राज्य में परमार स्वास्थ्य मंत्री रहे, फिर भी क्षेत्र बड़ी स्वास्थ्य सुविधा से वंचित – चौहान
पालमपुर। कृषि व ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष संजय सिंह चौहान ने कहा कि चुनावी माहौल गरमाते ही वरिष्ठ भाजपा नेता व विधायक विपिन सिंह परमार द्वारा केंद्रीय विद्यालय का मुद्दा उठाया जाना हैरानी भरा है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 12 वर्षों से केंद्र में भाजपा की सरकार है, लेकिन इस दौरान क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में प्रस्तुत बजट 2026-27 में भी सुलह क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय खोलने का कोई प्रावधान नहीं किया गया है।
संजय सिंह चौहान ने कहा कि राज्य में विपिन सिंह परमार और केंद्र में जेपी नड्डा दोनों लंबे समय तक स्वास्थ्य विभाग जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय से जुड़े रहे हैं। ऐसे में उन्हें बताना चाहिए कि अपने कार्यकाल के दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ा कौन-सा बड़ा संस्थान वे इस क्षेत्र में ला पाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इतने प्रभावशाली पदों पर रहने के बावजूद क्षेत्र को कोई बड़ी स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया गया होता, तो आज क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल रही होतीं। अब चुनाव से ठीक पहले केंद्रीय विद्यालय की बात करना जनता को गुमराह करने का प्रयास प्रतीत होता है।
चौहान ने कहा कि आज भी क्षेत्र के लोग उच्च शिक्षा और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख करने को मजबूर हैं। ग्रामीण इलाकों में न पर्याप्त डॉक्टर उपलब्ध हैं और न ही आधुनिक उपकरणों से लैस अस्पताल। यदि पूर्व सरकारों ने गंभीरता से काम किया होता, तो आज युवाओं को पढ़ाई और मरीजों को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ता।
संजय सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर केवल घोषणाएं की गईं, लेकिन जमीनी स्तर पर अपेक्षित परिणाम नहीं दिखे। उन्होंने कहा कि जनता अब जागरूक है और पिछले वर्षों के कार्यों का मूल्यांकन कर ही अपना निर्णय करेगी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व की सराहना करते हुए चौहान ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद वर्तमान राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार संतुलित, समावेशी और दीर्घकालिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठा रही है।
