Spread the love

शिक्षा मंत्री ने मंडी सदर विधान सभा क्षेत्र में किए एक करोड़ से अधिक की लागत से नव निर्मित स्कूल भवनों के लोकार्पण 

मंडी। मंडी जिले के सदर विधानसभा क्षेत्र के कोटमोर्स और मझवाड़ के दौरे के दौरान शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को एक करोड़ रुपए से अधिक की लागत से नव निर्मित स्कूल भवनों के लोकार्पण किए। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटमोर्स में 71 लाख रुपए की लागत और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मझवाड़ में 40 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित स्कूल भवन का लोकार्पण किया।

रोहित ठाकुर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और गुणात्मक शिक्षा की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे है। 

शिक्षा मंत्री ने कहा राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता प्रदान कर रही है। गुणात्मक शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश में 148 स्कूलों की सीबीएसई बनाया गया है।  उन्होंने कहा कि प्रदेश के राजकीय स्कूलों में इंग्लिश मीडियम शुरू किया गया है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में पहली बार राजकीय स्कूलों के मेधावी बच्चों और अध्यापकों को एक्पोजर विजिट करवाया जा रहा है। प्रदेश में लगभग 350 से अधिक अध्यापकों को शैक्षणिक भ्रमण पर भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की साक्षरता दर 99.33 प्रतिशत हो गई है जो देश भर में सबसे अधिक है। जब की राज्य के गठन के समय राज्य की साक्षरता दर मात्र 7 प्रतिशत थी। उन्होंने कहा कि रीडिंग के मामले में प्रदेश केरल से बेहतर स्थिति में है। उन्होंने कहा कि शिक्षा में गुणवत्ता लाने के उद्देश से शिक्षा विभाग और निदेशालय को एकीकृत किया गया है। 

रोहित ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार के 3 वर्ष के कार्यकाल में शिक्षा विभाग में 7 हजार पदों पर रेगुलर नियुक्तियां की गई। 4 हजार पदों को भरने की प्रक्रिया राज्य चयन आयोग के माध्यम से जारी है जिन्हें शीघ्र भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विभाग में शिक्षक और गैर शिक्षकों के लगभग 10 हजार पदों पर पदोन्नतियां प्रदान की गई हैं जिसमें उप निदेशक तक के पद शामिल है, जो लबे समय से रुकी हुई थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहली बार एक साथ रिकॉर्ड 802  पदों पर प्रधानाचार्यो की पदोन्नति की गई है। उन्होंने कहा कि मंडी कॉलेज प्रदेश के सबसे पुराने महाविद्यालयों में से एक है और इस महाविद्यालय के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के भवन निर्माण के लिए लगभग 16 करोड़ 45 लाख रुपए की धन राशि उपलब्ध करवाई गई है। महाविद्यालय निर्माण पर अब तक 45 करोड़ रुपए की धन राशि व्यय की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि शेष धन राशि शीघ्र उपलब्ध करवाई जाएगी। शिक्षा मंत्री ने राजकीय वल्लभ महाविद्यालय मंडी का दौरा भी किया। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन शिक्षण संस्थानों, जिनका कार्य 70 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है उन्हें जल्द शेष बजट उपलब्ध करवा कर पूरा किया जाएगा।

शिक्षा मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटमोर्स में मंच निर्माण के लिए ढ़ाई लाख रुपए जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मझवाड़ के भवन निर्माण के लिए 8 लाख रुपए, खो-खो खेल को बढ़ावा देने के स्कूल में खो-खो मैट और सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए बच्चों को अपनी ऐच्छिक निधि से 15 हजार रुपए देने की घोषणा की।

इस अवसर पर विधायक अनिल शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंपा ठाकुर, बिलासपुर सदर के पूर्व विधायक तिलक राज, एसडीएम सदर रूपेन्द्र कौर सहित विभिन विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *