Spread the love

विद्यार्थियों ने सदन की कार्यवाही को देखी 


शिमला। 
राजधानी शिमला के उत्कृष्ट महाविद्यालय संजौली के छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को सदन की कार्यवाही आरम्भ होने से पूर्व हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात की तथा सदन में होने वाली कार्यवाही के बारे में बातचीत की। 

विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कुलदीप पठानिया ने कहा कि विधानसभा प्रतिनिधियों का सदन है जहां हिमाचल प्रदेश के 68 निर्वाचन क्षेत्रों से प्रतिनिधि चुनकर आते हैं तथा अपने-अपने क्षेत्रों का नेतृत्व करते हैं। उन्होने कहा कि  जिनकी संख्या ज्यादा होती है या जिनके पास बहुमत होता है वह सरकार बनाते हैं। उन्होंने कहा कि सबसे पहले मंत्रिपरिषद का गठन होता है, जिसके मुखिया मुख्यमंत्री होते हैं। 

कुलदीप पठानिया ने कहा कि जब विधानसभा का सत्र बुलाया जाता है तो प्रतिपक्ष सरकार से प्रश्न पूछता है और सरकार उसका जवाब देने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि कानून बनाने का अधिकार देश में केवल लोकसभा और विधानसभा के पास है। राज्यपाल महोदय मंत्रिपरिषद की सलाह पर कार्य करते हैं।

विधानसभा के अध्यक्ष के चुनाव पर कुलदीप पठानिया ने बच्चों को अवगत करवाते हुए कहा कि विधानसभा में स्पीकर का चुनाव विधानसभा सदस्यों द्वारा किया जाता है। यह प्रक्रिया काफी दिलचस्प है। सबसे पहले सदन का सबसे वरिष्ठ सदस्य, प्रोटेम स्पीकर, चुनाव प्रक्रिया की शुरूआत करता है। ‍फिर, स्पीकर पद के लिए उम्मीदवारों  का नामांकन होता है। अगर सिर्फ एक ही उम्मीदवार है तो उन्हें निर्विरोध स्पीकर चुन लिया जाता है। लेकिन अगर एक से ज्यादा उम्मीदवार हैं तो गुप्त मतदान होता है और सबसे ज्यादा वोट पाने वाला उम्मीदवार स्पीकर बन जाता है।

विधानसभा अध्यक्ष ने सभी छात्रों को आज सदन के अंदर होने वाली कार्यवाही देखने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने सभी बच्चों को अपनी ओर से शुभकामनाएं दी तथा राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *