शिमला। देश में बढ़ती महंगाई पर जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण अध्यक्ष यशवंत छाजटा ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि झूठे नारों और वादों के साथ बनी केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार ने गरीब के मुंह से निवाला छीन लिया है। उनका कहना है कि आज सब्जियों से लेकर, दालें, रसोई गैस के सिलेंडर के दाम बेलागाम हो चुके हैं। वहीं, प्याज, आलू लहसुन, अदरक आदि सब्जियों के दाम बेकाबू हो चुके हैं। इस कारण आज सभी वर्गों का महंगाई की मार से घर का बजट खराब हो चुका है।
छाजटा ने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में सब्जियों और दालों में मामूली से दाम बढ़ने पर भाजपा नेता गले में प्याज व सब्जियों की माला व सिर पर सिलेंडर रख कर प्रदर्शन पर उतारू हो जाते थे। उन्होंने कहा कि महंगाई के नाम पर उस वक्त ढोंग करने वाले बीजेपी के नेता आज जवाब देने की बजाय चुप्पी साधे बिल में घुसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि बिजली से लेकर, पेट्रोल-डीजल के रेट पहुंच से बाहर हो चुके हैं, महंगाई कम करने का वादा कर सत्ता में आई भाजपा ने सत्ता में आने के बाद देश की जनता के साथ वादाखिलाफी की है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि सत्ता में बैठे भाजपा के किसी भी नेता को प्रदेश की कोई चिंता नहीं है। उन्हें चिंता है तो बस अपनी राजनीति और देश व प्रदेश में अपने आलीशान भवन बनाने की। उन्होंने कहा कि बेहतर होता कि लोगों का दुख दर्द दूर करने के लिए भाजपा सरकार लोगों की आर्थिक मदद करती। उन्होंने कहा कि देश में गरीब और गरीब हो रहा है और कुछ औद्योगिक घरानों के साथ-साथ भाजपा धनवान बन रही है।
छाजटा ने कहा कि भाजपा देशभर में अपनी जमीनें खरीद कर उन पर आलीशान भवन बनाने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि जहां पूरा विश्व आर्थिक मंदी से जूझ रहा है और भाजपा करोड़ों रुपया खर्च कर कार्यालय बनाने में लगी हुई है।
