शिमला। हिमाचल प्रदेश में वीरवार को कोरोना संक्रमण के कारण पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें से दो मौतें शिमला में और चंबा, कांगड़ा और कुल्लू में एक-एक मरीज की इस संक्रमण के कारण मौत हो गई। टांडा मेडिकल कॉलेज में कांगड़ा जिले के पालमपुर क्षेत्र के 70 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं, आईजीएमसी अस्पताल शिमला में कोरोना संक्रमण के दो मरीजों की मौत हो गई। इनमें से एक मरीज मंडी की 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला थी और दूसरा मरीज शिमला के नेरवा के 38 वर्षीय युवक था। इस बीच, कुल्लू जिले में भी एक कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हुई है। साथ ही बीती रात चंबा के पांगी-किलाड़ के 83 वर्षीय की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई। राज्य में कोरोना संक्रमण के कारण 279 लोगों की मौत हो चुकी है।
उधर, प्रदेश में वीरवार को कोरोना संक्रमण के 223 नए मामले पाजिटिव आए हैं। शिमला जिले में सबसे अधिक 44 मामले पाजिटिव आए हैं। कुल्लू और मंडी जिलों में 38-38, बिलासपुर व हमीरपुर में 18-18, सोलन में 16, सिरमौर और चंबा जिलों में 13-13, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति और ऊना जिलों में 8-8 और किन्नौर जिले में एक मामला कोरोना पाजिटिव आया है। राज्य में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 19844 पहुंच गया है। इनमें से अब तक 16914 मरीज ठीक हो चुके हैं और वीरवार को 231 मरीज ठीक हुए हैं। अब राज्य में कोरोना संक्रमण के 2623 एक्टिव केस हैं। शिमला जिले में सबसे अधिक 44 मामले कोरोना पाजिटिव आए हैं।
शिमला जिले के रामपुर में 11 मामले कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, जुब्बल-कोटखाई में 5, रोहड़ू, नेरवा, ठियोग, टिक्कर, पुराना बस अड्डा शिमला में 3-3, कसुंपटी, खलीणी और मतियाना में 2-2, कुफरी, न्यू शिमला, ननखड़ी, मशोबरा में एक-एक मामला कोरोना पाजिटिव आया है। वहीं, ऊना जिले में कोरोना संक्रमण के 8 मामले पॉजिटिव आए हैं। ऊना उपमंडल के समूर कलां से 38 वर्षीय महिला, बसाल से 35 वर्षीय महिला संक्रमित पाई गई है। गगरेट उपमंडल के देओली गांव के वार्ड पांच से 38 साल के व्यक्ति, गगरेट के पास शिवबाड़ी से 35 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। बंगाणा उपमंडल के बड़ूही से 29 वर्षीय युवक भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। अंब के वार्ड दस के 58 और 55 वर्षीय दो भाई कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं और गगरेट उपमंडल के मावा सिंधिया का 45 वर्षीय व्यक्ति कोरोना की चपेट में आया है।
