Spread the love

5400 करोड़ रुपए से सुदृढ़ हुआ हिमाचल का आधारभूत ढांचा, 1600 किमी. बढ़ा सड़क नेटवर्क : विक्रमादित्य सिंह 

शिमला। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार को यहां लोक भवन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने राज्यपाल को हिमाचल प्रदेश में वर्तमान में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी और राज्य में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हो रही प्रगति से अवगत कराया। 

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दूरदर्शी और संवेदनशील नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य के प्रत्येक वर्ग और हर क्षेत्र के संतुलित, समावेशी एवं सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक समान रूप से पहुंचे।

विक्रमादित्य सिंह ने जानकारी दी कि पिछले तीन वर्षों के दौरान हिमाचल प्रदेश के लिए विभिन्न केंद्र प्रायोजित योजनाओं एवं अन्य मदों के माध्यम से लगभग 5400 करोड़ रुपए की राशि विकास कार्यों के लिए सुनिश्चित की गई है। इस धनराशि से प्रदेश में सड़कों के निर्माण व सुधार, शहरी बुनियादी ढांचे के विस्तार, पेयजल योजनाओं, पुलों तथा अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ करने में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।

लोक निर्माण मंत्री ने यह भी बताया गया कि इसी अवधि के दौरान प्रदेश के सड़क नेटवर्क में लगभग 1600 किलोमीटर की वृद्धि की गई है। इससे दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था मजबूत हुई है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है। बेहतर सड़कों के कारण ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिली है तथा विकास की मुख्यधारा से जुड़ाव और मजबूत हुआ है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार का स्पष्ट और अटल संकल्प है कि हिमाचल प्रदेश को सतत, समावेशी और समग्र विकास का एक आदर्श मॉडल राज्य बनाया जाए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता यह है कि विकास की रोशनी अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सम्मानपूर्वक पहुंचे और प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *