भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचन प्रक्रिया ने संगठनात्मक लोकतंत्र की परंपरा को किया सुदृढ़
शिमला। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया के तहत भाजपा राष्ट्रीय कार्यालय, नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश से पहुंची प्रदेश भाजपा की टीम की प्रभावी उपस्थिति ने पार्टी के सशक्त संगठनात्मक ढांचे और आंतरिक लोकतंत्र की परंपरा को एक बार फिर रेखांकित किया। नामांकन से पूर्व की इस प्रक्रिया को भाजपा ने अपने “संगठन पर्व” के रूप में मनाया, जो नेतृत्व चयन की लोकतांत्रिक, पारदर्शी और अनुशासित कार्यप्रणाली का सशक्त उदाहरण है।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर, हिमाचल भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन, सांसद सुरेश कश्यप, इंदु गोस्वामी, डॉ. सिकंदर कुमार, पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक पवन कुमार काजल, बिहारी लाल शर्मा, रश्मिधर सूद, प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल, पायल वैद्य, वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, महिला मोर्चा अध्यक्षा डेज़ी ठाकुर तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश चंदेल सहित अनेक वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने कहा कि भाजपा का संगठन पर्व पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है, जो यह सिद्ध करता है कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचारधारा आधारित, कैडर-आधारित और लोकतांत्रिक संगठन है। उन्होंने कहा कि जहां अन्य राजनीतिक दलों में नेतृत्व चयन परिवारवाद या बंद कमरों में तय होता है, वहीं भाजपा में कार्यकर्ता से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक जिम्मेदारियां लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से तय की जाती हैं।
संजीव कटवाल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का निर्वाचन संगठनात्मक अनुशासन, सामूहिक सहभागिता और वैचारिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह प्रक्रिया यह संदेश देती है कि भाजपा में संगठन सर्वोपरि है और व्यक्ति संगठन से बड़ा नहीं होता। इसी सुदृढ़ संगठनात्मक संस्कृति के कारण भाजपा निरंतर देश की सबसे मजबूत और विश्वसनीय राजनीतिक पार्टी के रूप में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं की व्यापक उपस्थिति यह दर्शाती है कि प्रदेश संगठन राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन पर्व को उत्सव के रूप में देखता है और संगठन के निर्णयों को पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ लागू करने के लिए प्रतिबद्ध रहता है।
कटवाल ने आगे कहा कि भाजपा का यह मजबूत संगठनात्मक ढांचा ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने की आधारशिला है। संगठन की एकता, अनुशासन और लोकतांत्रिक परंपराएं भाजपा को अन्य राजनीतिक दलों से अलग पहचान दिलाती हैं और उसे निरंतर मजबूत बनाती हैं।
