शिमला। हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमण ने बुधवार को पांच और मरीजों की जान ले ली। मंडी के नेरचौक मेडिकल कॉलेज में बुधवार को कोरोना संक्रमण के चलते दो मरीजों की मौत हो गई। इनमें एक मरीज मंडी शहर के टारना का रहने वाला था। वहीं, दूसरा मंडी जिले के सरकाघाट का रहने वाला था। सरकाघाट के सदानी निवासी 89 वर्षीय कोरोना संक्रमित को 20 अक्टूबर को मेडिकल कॉलेज नेरचौक में भर्ती किया गया था। बुधवार तड़के उनकी मौत हो गई। वहीं, मंडी नगर के टारना के 58 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई।
इस बीच, कांगड़ा जिले में 52 वर्षीय कोरोना संक्रमित महिला की मौत हुई है। महिला की रिपोर्ट मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव आई थी और बुधवार को उसकी मौत हो गई। आईजीएमसी शिमला में भी कोरोना संक्रमण के कारण एक बुजुर्ग की मौत हुई है। 92 वर्षीय बुजुर्ग कारोबारी शिमला शहर में आलू-प्याज के थोक के कारोबारी थे। वहीं, 75 वर्षीय एक और बुजुर्ग की भी बुधवार को कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई। कोरोना संक्रमण के कारण राज्य में अब तक 274 लोगों की मौत हो चुकी है।
उधर, प्रदेश में बुधवार को कोरोना संक्रमण के 264 नए मामले पाजिटिव आए हैं। मंडी जिले में 68, कुल्लू में 44, शिमला में 32, सोलन में 25, किन्नौर जिले में 22, सिरमौर में 19, कांगड़ा में 18, बिलासपुर में 13, हमीरपुर में 10, चंबा में 9 और लाहौल-स्पीति और ऊना जिलों में 2-2 मामले कोरोना पाजिटिव आए हैं। राज्य में कोरोेना संक्रमण के कारण अब तक 19621 मामले का आ चुके हैं। इनमें से 16676 मरीज इस संक्रमण से ठीक हो चुके हैं और बुधवार को 219 मरीज ठीक हुए हैं। राज्य में अब कोरोना संक्रमण के 2636 एक्टिव केस हैं। शिमला जिले में बुधवार को 32 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से रामपुर में चार, रोहड़ू में तीन, संजौली, काली बाड़ी के समीप, न्यू शिमला, आईजीएमसी, मशोबरा और टिक्कर में दो-दो मरीज पाजिटिव आए हैं। वहीं, मेहली, कसुंपटी, पुराना बस अड्डा के समीप, यूएस क्लब, छोटा शिमला, खलीणी, विकास नगर, पंथाघाटी, कुफ्टाधार, फागली, माल रोड, सैनिक अस्पताल, सुन्नी और नारकंडा में एक-एक मरीज कोरोना पाजिटिव आया है।
हमीरपुर जिले में बुधवार को 10 लोग कोरोना पॉजीटिव पाए गए हैं। इनमें एक व्यक्ति रैपिड एंटीजन टैस्ट में और 9 लोग आरटी-पीसीआर टैस्ट में पॉजीटिव पाए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना सोनी ने बताया कि बुधवार को जिला में रैपिड एंटीजन टैस्ट में हमीरपुर शहर के वार्ड नंबर एक के 43 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। वहीं, आरटी-पीसीआर टैस्ट में पॉजीटिव पाए गए लोगों में भोरंज उपमंडल के गांव मुंडखर के चार लोग 26 वर्षीय महिला, 10 वर्षीय बच्चा, 56 वर्षीय महिला और 90 वर्षीय महिला शामिल है। भोटा क्षेत्र के गांव मनसूई के तीन लोगों 36 वर्षीय महिला, 61 वर्षीय व्यक्ति और 52 वर्षीय महिला की रिपोर्ट भी पॉजीटिव आई है। ये सभी लोग कोरोना संक्रमित व्यक्तियों के प्राथमिक संपर्क के कारण पॉजीटिव पाए गए हैं। इनके अलावा हमीरपुर के गांव नैहल की 28 वर्षीय महिला, भोरंज के गांव जखयोल के 19 वर्षीय युवक की रिपोर्ट भी पॉजीटिव आई है।
