Spread the love

विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया रहे मुख्य अतिथि

शाहपुर। शाहपुर में पहली बार उपमंडल स्तर पर 78वां सेना दिवस अत्यंत भव्यता और गरिमा के साथ मनाया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने तिरंगा फहराया तथा परेड की सलामी ली। परेड में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न भागों से आए पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेट्स तथा होमगार्ड्स बैंड ने भाग लेकर पूरे वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। एनसीसी कैडेट्स और पूर्व सैनिकों द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्च-पास्ट कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। 

मुख्य अतिथि ने इस अवसर पर प्रदेश में उपमंडल स्तर पर बनने वाले पहले शहीद स्मारक का शिलान्यास किया, जो लगभग 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है। प्रदेश की जनसंख्या कम होने के बावजूद भारतीय सेना में हिमाचल का योगदान अत्यंत गौरवपूर्ण रहा है। हिमाचल प्रदेश देश को अब तक 4 परमवीर चक्र दे चुका है और स्वतंत्रता के बाद से अब तक 1728 वीर सैनिकों ने देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर किए हैं।

पठानिया ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी सेना दिवस के इस पावन अवसर पर अपनी शुभकामनाएं भेजी हैं। केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार वीर नारियों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चला रही है। सितंबर 2023 से शहीद एवं युद्ध में अपंग सैनिकों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में डेढ़ गुना वृद्धि की गई है। शहीद सैनिकों के परिवारों को मिलने वाली राशि 20 लाख रुपए से बढ़ाकर 30 लाख रुपए, अन्य कारणों से मृत्यु पर 5 लाख रुपए से 7.50 लाख रुपए तथा युद्ध में अपंग सैनिकों को मिलने वाली सहायता राशि भी बढ़ाई गई है। 

इस अवसर पर ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए शाहपुर के वीर जवान पवन कुमार के पिता गरज सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने बताया कि इस शहीद स्मारक में सैनिक लीग की अनुशंसा पर शहीदों के नाम अंकित किए जाएंगे तथा शीघ्र ही शाहपुर में ईसीएचएस भवन का निर्माण भी करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश में पहली बार है कि किसी उपमंडल मुख्यालय पर सेना दिवस मनाया जा रहा है।

शाहपुर के एसडीएम करतार चंद ने मुख्य अतिथि एवं सभी पूर्व सैनिकों का स्वागत करते हुए कहा कि यह शाहपुर के लिए गर्व का दिन है। उन्होंने पूर्व सैनिकों को सदैव सम्मान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर शाहपुर सैनिक लीग के अध्यक्ष सेवानिवृत्त कर्नल जय सिंह, लंज सैनिक लीग के प्रधान कपूर सिंह तथा चंगर क्षेत्र की सैनिक लीग के प्रधान विक्रम गुलेरिया ने भी अपने विचार रखे और आयोजन के लिए विधायक केवल सिंह पठानिया का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई तथा स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं।

इस अवसर पर डीडी शर्मा, गोवर्धन सिंह, ओंकार राणा, सेना के सेवानिवृत अधिकारी एसएस राणा, कश्मीर सिंह, विजय, संतोष, संसार सिंह, अनिल सिंह, अशोक, मदन, उत्तम चम्बियाल, महेंद्र, तिलक, बलदेव, जिप सदस्य नीना ठाकुर, कांग्रेस महासचिव प्रदीप बलौरिया, प्रधान अजय बबली, नगर पंचायत शाहपुर की  अध्यक्ष ऊषा शर्मा, पार्षदगण, सुरजन सिंह, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, शाहपुर विधानसभा के विभिन्न स्थानों से आए पूर्व सैनिक, वीर नारियां, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *