उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में
शिमला। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के निदेशक मंडल की बैठक शिमला में दो दिनों तक चली बैठर में कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कर्मचारियों, पेंशनरों तथा परिवहन व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि एचआरटीसी में वर्षों से चली आ रही एडहॉक प्रणाली अब समाप्त होगी। उन्होंने कहा कि निगम में जेओए (आईटी) के 171 रेगुलर पदों को भरने की मंजूरी दी गई है। लंबे समय से लटकी इस भर्ती से युवाओं को बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही 78 पीस मील वर्करों को कॉन्ट्रैक्ट पर लाने का निर्णय भी लिया गया। उन्हाेंने बताया कि इससे पहले चालकाें की रेगुलर भर्ती की गई है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि एचआरटीसी के ड्राइवर-कंडक्टर रात में अपने घरों से दूर रहते हैं, लेकिन अब तक 30 किलोमीटर से कम दूरी पर नाइट आउट अलाउंस नहीं मिलता था। उन्हाेंनेकहा कि बीओडी की बैठक में इस शर्त काे खत्म कर दिया गया है और 30 किमी. से कम दूरी तय करने वाले कर्मचारियों को भी नाइट आउट अलाउंस मिलेगा। उन्हाेंने कहा 78 पीस मील वर्कर काे वन टाइम सेटलमेंट के तहत राहत दी जाएगी।
अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य सरकार की अधिसूचना के अनुरूप एचआरटीसी के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की दिहाड़ी में 40 रुपये की वृद्धि को मंजूरी दी गई है। अब कर्मचारियों की दैनिक मजदूरी 410 रुपये से बढ़कर 425 रुपये कर दी गई है। कर्मचारियों को 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने तथा मार्च तक उसका एरियर जारी करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि मेडिकल रिइम्बर्समेंट का भुगतान भी किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों को वेतन और पेंशनरों को समय पर पेंशन दी जा रही है, हालांकि कभी-कभी प्रदेश सरकार से मिलने वाली ग्रांट में देरी के कारण भुगतान की तारीखों में थोड़ा अंतर आ जाता है। उन्हाेंने कहा कि निगम में 9099 कर्मचारियाें काे ओपीएस के दायरे में लाया जा चुका है।
कम एवरेज देमे वाली और ज्यादा खर्च वाली बसें होंगी बेड़े से बाहर
आप मुख्यमंत्री ने बताया कि जो बसें 2.50 किमी. से कम एवरेज दे रही हैं, उन्हें चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा। हालांकि किसी भी बस को हटाने से पहले उसे रिपेयर के साथ जोड़ा जाएगा, लेकिन जिन बसों पर मरम्मत का खर्च ज्यादा आ रहा है, उन्हें सड़कों पर नहीं चलाया जाएगा। उन्हाेंने बताया कि अगले दो महीनों में ऐसी करीब 500 बसों को हटाया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि निगम की जाे पुरानी ई-बसें खड़ी हैं उन बसाें काे दाेबारा चलाने के लिए नई बैटरियां खरीदी जाएगी। इस संबंध में बीओडी ने मंजूरी दे दी है।
हिम बस कार्ड और लोक मित्र केंद्रों से बुकिंग
अग्निहोत्री ने कहा कि रियायती सफर का लाभ लेने के लिए यात्रियों को 31 जनवरी से पहले हिम बस कार्ड बनवाना होगा। अभी तक प्रदेश में 21 हजार लाेगाें ने यह कार्ड बना लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसे 28 श्रेणी के लाेग हैं जाे निगम की रियायती बस सेवा का लाभ उठा रहे हैं उन्हें हिम बस कार्ड बनाना अनिवार्य हाेगा। इसके अलावा अब लाेगाें काे लोक मित्र केंद्रों पर भी बस टिकट बुकिंग की सुविधा मिलेगी, जिससे यात्रियों को बस स्टैंड नहीं जाना पड़ेगा।
बेहतर काम करने वालों को मिलेगा सम्मान
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवहन निगम में अच्छा काम करने वाले कर्मचारियों काे सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए निगम हर साल सम्मान समाराेह आयाेजित किया जाएगा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 75 वर्ष से अधिक आयु के 696 पेंशनरों को पेंशन संशोधन का लाभ देते हुए 23 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 222 ऐसे पेंशनरों, जिनकी पेंशन पहले शुरू नहीं हो पाई थी, उनकी पेंशन प्रारंभ कर दी गई है और उनके खातों में 29 करोड़ रुपये जमा किए गए हैं। उन्होंने कहा कि डीए का एरियर भी दिया दा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एचआरटीसी को मजबूत करने, कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों की रक्षा करने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है।
