डोहब में उचित मूल्य दुकान, कॉमन सर्विस सेंटर व हैंडपंप का लोकार्पण
पांच महिला मंडलों को 11-11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार आमजन को बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य व शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। सीमित संसाधनों के बावजूद सरकार ने अपने तीन वर्षों के कार्यकाल में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि शाहपुर विधानसभा का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है और मुख्यमंत्री के सहयोग से शाहपुर को प्रदेश की मॉडल विधानसभा बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वे गत दिन शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत डोहब में विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत शुभारंभ व लोकार्पण के मौके पर बोल रहे थे।
इस अवसर पर पठानिया ने पंचायत में उचित मूल्य की दुकान, 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित कॉमन सर्विस सेंटर तथा वार्ड नंबर तीन, रिंडली मोहल्ला में 2.50 लाख रुपये की लागत से स्थापित विद्युत संचालित हैंडपंप को जनता को समर्पित किया। पंचायत घर परिसर, डोहब में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि डोहब में उचित मूल्य की दुकान खुलने से लगभग 200 राशन कार्ड धारकों को लाभ मिलेगा। वहीं, कॉमन सर्विस सेंटर के आरंभ होने से पूरी पंचायत के नागरिकों को विभिन्न सरकारी व जनसेवाओं का लाभ सुलभ होगा। रिंडली मोहल्ला में स्थापित हैंडपंप से वार्ड के 18 परिवारों की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का समाधान हो गया है।
उपमुख्य सचेतक ने रिंडली मोहल्ला के लिए बंदला खड्ड पर बने पुल की आवश्यक मरम्मत हेतु शीघ्र धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त स्थानीय मांग पर विद्युत विभाग द्वारा नए बिजली के खंभे लगाए जा रहे हैं, जिनका कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने गांव के पांच महिला मंडलों को 11-11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा की।
इस अवसर पर उन्होंने लोगों की समस्याओं को भी सुना और अधिकांश का मौके पर निपटारा करते हुए शेष को त्वरित करवाई हेतु संबंधित विभागों को भेज दिया।
इससे पूर्व, गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों ने उपमुख्य सचेतक का गर्मजोशी से स्वागत किया। ग्राम पंचायत प्रधान तिलक चौधरी ने पंचायत में पधारने पर उपमुख्य सचेतक का स्वागत किया तथा विभिन्न विकास कार्यों के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने पर उनका आभार व्यक्त किया। वार्ड नंबर तीन के प्रीतम अवस्थी ने भी अपने वार्ड में कराए गए विकास कार्यों के लिए विधायक का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजीत महाजन, डीडी शर्मा, डॉ. सुशील शर्मा, नगर पंचायत शाहपुर के उपाध्यक्ष विजय गुलेरिया, शहरी कांग्रेस प्रधान उत्तम चंबियाल, हज कमेटी चेयरमैन दिलदार भट्ट, पूर्व प्रधान अश्वनी चौधरी, इकबाल मिनटा, तनु महाजन, बीडीओ रैत कमलजीत सहायक अभियंता जलशक्ति रज्जाक मोहम्मद, सहायक अभियंता विद्युत विक्रम शर्मा, सहायक अभियंता लोक निर्माण विपुल पुंज, रेंज ऑफिसर सुमित शर्मा, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, केवल कृष्ण शर्मा,विजय कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी, बड़ी संख्या में मातृशक्ति तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
