शिमला। महिला कांग्रेस की प्रदेश मामलों की प्रभारी सुरभि वर्मा ने हिमाचल महिला कांग्रेस से प्रदेश सरकार की नीतियों, योजनाओं और कार्यक्रमों को लेकर फील्ड में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने को कहा है। राजीव भवन स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित महिला कांग्रेस की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ना समय की मांग है।
सुरभि वर्मा ने कहा कि देश की आधी आबादी महिलाएं हैं, इसलिए उन्हें उनके संवैधानिक अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा कल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रदेश में महिला सदस्यता अभियान को जल्द पूरा करने की आवश्यकता जताते हुए कहा कि जिला और ब्लॉक स्तर पर महिला कांग्रेस की कार्यकारिणी का गठन शीघ्र कर दिया जाएगा, ताकि केंद्र की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और निर्णयों से महिलाओं को प्रभावी रूप से अवगत करवाया जा सके।
महिला कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ खड़ी: जैनब चंदेल
बैठक में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने कहा कि संगठन प्रदेश में पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय आलाकमान तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा दिए गए सभी कार्यक्रमों को महिला कांग्रेस द्वारा समयबद्ध और सफलतापूर्वक पूरा किया जा रहा है। उन्होंने पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही प्रदेश में संगठन निरंतर मजबूती की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाने में महिलाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है, जिसके लिए वे सभी महिला कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करती हैं।
जैनब चंदेल ने कहा कि घरेलू जिम्मेदारियों के साथ-साथ राजनीतिक और सामाजिक कार्यों को समय देना महिलाओं के लिए बड़ी चुनौती है, इसके बावजूद महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता संगठन के हर कार्यक्रम में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहती हैं और अपनी भूमिका बखूबी निभा रही हैं। बैठक में प्रदेश महिला कांग्रेस के विभिन्न जिलों की पदाधिकारी भी उपस्थित रहीं और संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
