Spread the love

कुल्लू में नशा उन्मूलन को लेकर अहम बैठक आयोजित

पंचायत स्तर पर नशा निवारण समितियाँ बनाने के निर्देश, तस्करों पर सख्त कार्रवाई के आदेश

कुल्लू। उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस. रवीश ने कहा कि नशा समाज की जड़ों को कमजोर कर रहा है, इसे समाप्त करने के लिए सभी विभागों को मिशन मोड में कार्य करना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि दुर्गम क्षेत्रों में भांग और अन्य मादक पौधों की अवैध खेती को शुरुआती चरण में ही नष्ट किया जाए ताकि इनका प्रसार न हो सके। साथ ही उन्होंने चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के भी आदेश दिए।

वे वीरवार को यहां नशीली दवाओं के उन्मूलन को लेकर गठित राष्ट्रीय समन्वय समिति (एनसीओआरडी) तथा नशा मुक्त भारत अभियान की संयुक्त बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस बैठक में पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, वन, कृषि, खेल, राजस्व सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में एसपी मदन लाल, एडीसी अश्वनी कुमार, एएसपी संजीव चौहान, एसडीएम नितीश ठाकुर सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खेती और युवाओं में बढ़ते नशे की प्रवृत्ति पर गहन चर्चा हुई।

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि नशे के हॉटस्पॉट क्षेत्रों की पहचान कर वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि किसी भी अवैध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके। उन्होंने कॉलेजों के मुख्य द्वारों और मेडिकल स्टोर्स, जहाँ से सिरिंज या संबंधित सामग्री खरीदी जाती है, में भी कैमरे लगाने और उनकी नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि जन जागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना जरूरी है। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय बनाकर नशे के विरुद्ध अभियान को व्यापक रूप देने का आह्वान किया। उन्होंने नशा रोकथाम के लिए नियमित टेस्टिंग की संख्या बढ़ाने और पुलिस गश्त को और सघन करने के निर्देश दिए, ताकि संदिग्ध गतिविधियों और तस्करी पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

उपायुक्त ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जिले की प्रत्येक पंचायत में नशा निवारण समितियों का गठन किया जाए, जिससे ग्राम स्तर पर भी निगरानी और जागरूकता का कार्य प्रभावी रूप से हो सके। उन्होंने कहा कि नशा उन्मूलन को प्रशासन, पुलिस और समाज के संयुक्त प्रयास से ही सफल बनाया जा सकता है। इसे एक अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा ताकि जिला कुल्लू को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सके। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *