Spread the love

पूर्व सैनिक लीग के सामुदायिक भवन के प्रथम तल के कार्य का किया शिलान्यास

बातल चौक के सौंदर्यीकरण पर खर्च होंगे 24 लाख रुपए

सोलन। अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि भारतीय सेना देश का गौरव है और प्रत्येक देशवासी को भारतीय सेना पर गर्व है। वे सोमवार को अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बातल में 20 लाख रुपए की राशि से निर्मित होने वाले पूर्व सैनिक लीग अर्की के सामुदायिक भवन के प्रथम तल की आधारशिला रखने के उपरांत उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं अन्य को सम्बोधित कर रहे थे।

संजय अवस्थी ने कहा कि सैनिकों के हौसले से ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं और करोड़ों लोग खुली हवा में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह हम सभी का दायित्व है कि देश की सेवा के बाद सेवानिवृत्त होकर घर लौटने वाले सैनिकों का सम्मान करें। उनकी समस्याओं के निवारण में सहायक बनें और उनके विभिन्न कार्यों को अभिलम्ब पूर्ण करें।

उन्होंने पूर्व सैनिक लीग अर्की के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सैनिकों ने अपना बहुमूल्य समय देश की सेवा में दिया और अब सेवानिवृत्ति के उपरांत भी सामाजिक कार्यों में अपना सहयोग दे रहे हैं। उन्होंने आशा जताई कि पूर्व सैनिक लीग अर्की के प्रयासों से प्रेरणा लेकर युवा भारतीय सेना का अभिन्न अंग बनने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार भूतपूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिकों, वीर नारियों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के संवेदनशील नेतृत्व में भूतपूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिकों, वीर नारियों के उत्थान के लिए अनेक सकारात्मक कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र के चहुमुखी विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। बातल चौक के सौंदर्यीकरण का कार्य शीघ्र आरंभ होगा। इस कार्य के लिए 24 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

विधायक ने इस अवसर पर उत्तर भारत के मास्टर बॉडीबिल्डिंग पुरुष वर्ग में पहला स्थान हासिल करने वाले राजेश भट्टी को सम्मानित भी किया।  

पूर्व सैनिक लीग अर्की के अध्यक्ष कैप्टन पदम देव ठाकुर ने इस अवसर पर मुख्यातिथि का स्वागत किया और लीग की गतिविधियों से अवगत करवाया। विधायक ने युद्ध स्मारक पर छत निर्माण कार्य के लिए 75 हज़ार रुपए देने की घोषणा भी की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *