शिमला। हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमण के कारण वीरवार को पांच मरीजों की मौत हो गई। इस संक्रमण के कारण कुल्लू जिले में तीन, हमीरपुर व कांगड़ा जिले में एक-एक मरीज की मौत हुई है। कुल्लू जिले में जिन तीन मरीजों को कोरोना संक्रमण से मौत हुई है, वे तीनों महिलाएं थी। वहां 69 वर्षीय, 80 वर्षीय और 68 वर्षीय महिला मरीजों की इस संक्रमण से मौत हुई। उन्हें अन्य बीमारियों ने भी घेर रखा था। वहीं, हमीरपुर जिले में 51 वर्षीय पुरूष की इस संक्रमण के कारण मौत हो गई। इस बीच, कांगड़ा जिले में 74 वर्षीय बुजुर्ग की इस संक्रमण के चलते मौत हुई है। वह और बीमारी से भी जूझ रहा था। इस प्रकार राज्य में कोरोना संक्रमण के कारण अब तक 255 मरीजों की मौत हो चुकी है।
उधर, राज्य में वीरवार को कोरोना संक्रमण के 295 नए मामले पाजिटिव आए हैं। शिमला और मंडी जिले में 61-61 नए मामले आए हैं। कांगड़ा जिले में 26, बिलासपुर में 25, कुल्लू और सोलन जिले में 22-22, हमीरपुर जिले में 19, लाहौल-स्पीति जिले में 18, सिरमौर जिले में 16, ऊना जिले में 13 और चंबा जिले में 12 मामले कोरोना पाजिटिव आए हैं। इस प्रकार राज्य में कोरोना संक्रमण के कुल 18303 मामले हो गए हैं। इनमें से 15370 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं। वीरवार को 153 रोगी ठीक हुए हैं। अब राज्य में कोरोना संक्रमण के 2654 एक्टिव केस हैं। शिमला जिले में कसुंपटी में 15 मामले पाजीटिव आए हैं। वहीं, रामपुर में 6, रोहड़ू, संजौली, पंथाघाटी, न्यू शिमला में 2-2, खलीणी और जुब्बल-कोटखाई, कुमारसेन में 3-3, भट्टाकुफर, पंथाघाटी, घणाहट्टी, बीसीएस, चौड़ा मैदान, आईजीएमसी, अनाडेल, मशोबरा, सैनिक अस्पताल, व टिक्कर में एक-एक मामला कोरोना पाजिटिव आया है।
