Spread the love

कहा – केन्द्र में 100 बिस्तरों की क्षमता होगी और पुस्तकालय, व्यायामशाला, खेल गतिविधियों, योग साधना तथा कौशल एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण की भी होगी सुविधा 

शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सिरमौर जिला के राजगढ़‌ के कोटला-बड़ोग में आधुनिक नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र के निर्माण को लेकर मंगलवार को यहां सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस केन्द्र में कुल 100 बिस्तरों की क्षमता होगी तथा पुस्तकालय, व्यायामशाला, खेल गतिविधियों, योग साधना और कौशल एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण की सुविधा भी होगी। इसके अलावा चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए चिकित्सकों और नर्सों एवं अन्य स्टाफ की तैनाती भी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए राज्य सरकार ने 534.36 लाख रूपये स्वीकृत किए हैं और अगर आवश्यकता हुई तो अतिरिक्त धनराशि भी उपलब्ध करवाई जाएगी। बैठक में उपायुक्त सोलन और सिरमौर वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने उन्हें निर्देश दिए कि इस केन्द्र की स्थापना के लिए पशु पालन विभाग की भूमि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को स्थानान्तरित की जाए।

बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, अतिरिक्त मुख्य सचिव श्याम भगत नेगी, प्रधान सचिव विधि राजीव बाली, निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सुमित खिमटा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *