Spread the love

राजेश धर्माणी बोले – जनता को सुप्रीम मानकर कार्य करना सुनिश्चित बनाएं सभी विभागीय अधिकारी 

बिलासपुर। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि जनता को सुप्रीम मानकर सभी विभागीय अधिकारी कार्य करना सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों के कल्याण एवं उत्थान को अनेंकों जन कल्याणकारी योजनाओं को शुरू करती है, लेकिन धरातल में विभागीय अधिकारियों की लेटलतीफी के कारण योजनाओं का लाभ आम जनमानस तथा पात्र लोगों को समयबद्ध नहीं मिल पाता है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से अपने कर्तव्यों का पूरे समर्पण भाव के साथ निर्वहन करने को भी कहा ताकि समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे जरूरतमंद व्यक्ति तक सरकारी योजनाएं समयबद्ध पहुंच सके। 

राजेश धर्माणी शनिवार को घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दकड़ी में लगभग 1.14 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले पंचायत भवन की अधारशिला रखने के उपरांत एक जन सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दकड़ी पंचायत का यह भवन आने वाले समय में एक जन सुविधा केंद्र के तौर पर कार्य करेगा। जिसके माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी तथा लाभ आसानी से पंचायत के लोगों को एक ही छत के नीचे सुनिश्चित होंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि यह पंचायत भवन अपनी निर्धारित निर्माण अवधि के भीतर ही बनकर तैयार कर लिया जाएगा।

राजेश धर्माणी ने कहा कि लोगों को समयबद्ध एवं त्वरित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने लोगों के राजस्व मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित बनाने को विशेष राजस्व अदालतों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राजस्व मामलों के निपटारे के लिए सरकार द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत मात्र 15 दिनों के भीतर ही संपूर्ण प्रदेश में लगभग 98 हजार इंतकाल के मामलों का निपटारा सुनिश्चित बनाया गया है।

धर्माणी ने कहा कि प्रदेश में आपदा के दौरान अपना मकान खोने वाले लोगों को दी जाने वाली आर्थिक मदद को एक लाख 30 हजार रूपये से बढ़ाकर 7 लाख रुपए किया है। इसके अतिरिक्त आंशिक तौर पर मकानों के नुकसान पर भी राहत राशि को बढ़ाकर एक लाख रुपए किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि आपदा से प्रभावित प्रत्येक पात्र परिवार को इसका लाभ मिलना चाहिए।  

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने दकड़ी पंचायत के विभिन्न विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले समय में इस पंचायत को एक आदर्श पंचायत के तौर विकसित करने के हरसंभव प्रयास होंगे। उन्होंने कहा कि चुवाड़ी-दाड़ा संपर्क सड़क निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। साथ ही कहा कि नांगलू बस्ती संपर्क सड़क को मुख्य सड़क से जोड़ा जाएगा, जबकि गलयाना संपर्क सड़क निर्माण के लिए टैंडर लगा दिये गए हैं। उन्होंने कहा कि कुलारू-चुवाड़ी संपर्क सड़क के निर्माण कार्यों के लिए भी 10 लाख रुपये के टैंडर लगा दिये गए है तथा जल्द ही पक्की हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि बल्ही में लगभग 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा पंचायत में उप-स्वास्थ्य केंद्र तथा पशु स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण के लिए जमीन संबंधित विभागों के नाम स्थानांतरित कर दी गई है। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से हिमाचल शिवा प्रोजेक्ट के साथ भी जुड़ने का आह्वान किया ताकि किसानों एवं बागवानों की आर्थिकी को सुदृढ़ किया जा सके।

इससे पहले, पंचायत प्रधान मस्त राम राणा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा पंचायत की विभिन्न मांगो बारे जानकारी रखी। इस अवसर पर कांग्रेस नेत्री प्रोमिला देवी, एसडीएम गौरव चौधरी, बीडीओ अभिषेक शर्मा, पंचायत प्रधान मस्त राम राणा, उपप्रधान पवन जमवाल, पंचायत सदस्य श्याम लाल सहित पंचायत के सभी सदस्यगण, विभिन्न पंचायतों के प्रधान, बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *