Spread the love

कहा – कांग्रेस ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में जनता से झूठे वादे करके हासिल की थी सत्ता 

शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने “वोट चोर” का नारा लगाकर स्वयं को ही बेनकाब कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी वोटों पर डाका डालकर सत्ता में आई। उस समय कांग्रेस ने जनता से झूठे वादे करके सत्ता हासिल की थी। 

डॉ. बिन्दल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने चुनावों के दौरान बेरोजगार युवाओं, महिलाओं, किसानों, बागवानों और कर्मचारियों से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन सत्ता में आने के बाद तीन साल बीत जाने पर भी उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने चुनावी मंचों से जोर-जोर से घोषणा की थी कि “पहले दिन एक लाख सरकारी नौकरियां और पांच लाख रोजगार देंगे। यही नहीं, पहली ही कैबिनेट में महिलाओं को 1500 रुपये महीना देंगे।” लेकिन न तो युवाओं को नौकरी मिली, न ही बहनों को वादा किया गया भत्ता।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की 28 लाख बहनों को झूठे सपनों से बहलाकर उनके वोटों पर डाका डाला और आज तक उन्हें ठगा हुआ महसूस कराया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने यह भी वादा किया था कि बेरोजगार युवाओं को पक्की नौकरी मिलेगी, 58 साल की सेवा आयु होगी और पेंशन भी दी जाएगी, लेकिन आज तक एक भी व्यक्ति को स्थायी नौकरी नहीं मिली। 

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों, किसानों और बागवानों के साथ भी धोखा किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस ने उनके अधिकारों पर भी डाका डालने का काम किया। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी की सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है और इसलिए उनके अपने ही नारे अब उन्हीं पर उल्टे पड़ रहे हैं। हिमाचल में कांग्रेस पार्टी लोगों को मुंह दिखाने के लायक नहीं बची है। 

डॉ. बिंदल ने यह भी सवाल उठाया कि यदि कांग्रेस पार्टी का आरोप है कि वोट चोरी हुए, तो क्या 2022 में चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं था? अगर ऐसा है तो कांग्रेस के मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष को स्पष्ट करना चाहिए कि वे किस आधार पर सत्ता में बैठे हैं। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं था, तो कांग्रेस को गद्दी छोड़नी चाहिए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने दोहराया कि कांग्रेस पूरी तरह से जनता के सामने उजागर हो चुकी है और उसके झूठे वादों के कारण जनता अब उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *