शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने भाजपा नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि वे राजनीतिक द्वेष के चलते हिमाचल प्रदेश में आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण और राहत कार्यों में अड़ंगे डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 1500 करोड़ रुपये की विशेष सहायता राशि अब तक प्रदेश को उपलब्ध नहीं करवाई गई है, जो बेहद चिंताजनक और निराशाजनक है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में पूरी एकजुटता और संकल्प के साथ आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण कार्यों को दिन-रात पूरा करने में जुटी हुई है। इसके बावजूद भाजपा नेता लगातार अनाप-शनाप बयानबाजी कर प्रदेश की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि हिमाचल को किसी भी प्रकार की वित्तीय मदद नहीं मिल रही है। बावजूद इसके, राज्य सरकार सीमित संसाधनों के साथ अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि जीएसटी दरों में कमी से प्रदेश को भारी राजस्व घाटा उठाना पड़ रहा है। इसलिए केंद्र सरकार को हिमाचल प्रदेश को विशेष राहत देनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों के विकास के लिए अलग नीति बनाना आवश्यक है, क्योंकि यहां निर्माण और पुनर्निर्माण कार्यों की लागत मैदानी राज्यों की तुलना में कहीं अधिक आती है।
प्रतिभा सिंह ने प्रदेश के सभी भाजपा सांसदों से भी अपील की कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर केंद्र सरकार से हिमाचल को विशेष आर्थिक सहायता दिलवाने के प्रयास करें। उन्होंने कहा कि यदि सांसद इस दिशा में सार्थक योगदान देंगे तो प्रदेश की जनता और कांग्रेस पार्टी उनकी आभारी रहेगी।
