कहा – राज्य में दस तरह के सैस लगाए हैं सुक्खू सरकार ने
शिमला। हिमाचल भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि एक ओर केंद्र की मोदी सरकार जीएसटी में राहत दे रही है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने दस तरह के सैस लोगों पर लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुफ्त बिजली वाले उपभोक्ताओं को 5 हजार और 500 रुपए के स्थान पर 50 हजार रुपए के बिल आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिजली बिल के ऐसे मामलों को भाजपा अदालत ले जाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण इलाकों में मुफ्त पेयजल के स्थान पर सरकार लोगों से 100-100 रुपए बिल वसूल रही है। केंद्र से मिल रही राहत को लोगों तक पहुंचाने में प्रदेश की कांग्रेस सरकार पूरी तरह नाकाम रही है। वे शनिवार को यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पिछले 3 वर्ष से प्राकृतिक आपदा के दौर से गुजर रहा है और इस बीच राज्य सरकार ने लोगों पर टैक्स थोपने का काम कर रही है। आज राज्य सरकार की तरफ से लोगों पर 10 प्रकार के सैस की वसूली की जा रही है। बिजली और पानी के बढ़े बिलों की वसूली के बाद अस्पताल में पर्ची पर शुल्क वसूली की जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जीएसटी प्रक्रिया को सरल करके आम जनता को राहत दी है, लेकिन राज्य सरकार ने सीमेंट की बोरी को 7 रुपए महंगा कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार ने सत्ता में आने के बाद डीजल पर 7.50 प्रतिशत वैट लगाकर 10 हजार करोड़ रुपए की वसूली की है। इसके अलावा बस का सफर महंगा कर दिया है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी के मंत्र से भारत आत्मनिर्भर बनेगा। मेक इन इंडिया, मेड इन इंडिया, स्टार्ट अप और स्टैंड अप जैसी मुहिम से भारत विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की तरफ अग्रसर है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जीएसटी के रूप में एक देश-एक कर लगाया और अब इसमें बढ़े स्तर पर रियायत देकर आम आदमी को लाभ पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार में प्रधानमंत्री के पद पर रहते हुए डॉ. मनमोहन सिंह जीएसटी को लागू करना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस के बड़े परिवार ने उन्हें ऐसा नहीं करने दिया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी की परिभाषा अब बदल गई है। इसमें भारत में निर्मित किए जाने वाले उत्पाद भी स्वदेशी की श्रेणी में आते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने रक्षा क्षेत्र उत्पादन और अंतरिक्ष क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं।
मोदी शासनकाल में भारत 7.3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनकर चौथे स्थान पर पहुंचा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत एवं स्वदेशी प्रधानमंत्री मोदी का एक मंत्र है। उन्होंने कहा कि भारतवर्ष के इतिहास में स्वामी विवेकानंद, महात्मा गांधी, दीनदयाल उपाध्याय एवं नरेंद्र मोदी जैसे महापुरुषों ने स्वदेशी को राष्ट्रीय से अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाने का संघर्ष किया। आज इसका एक बहुत बड़ा स्वरूप हमारे सामने आ रहा है। उन्होंने कांग्रेस और भाजपा सरकारों की तुलना करते हुए कहा कि 2014 में भारत में 1000 स्टार्टअप थे, अब 160000 हैं। एक स्टार्टअप में औसतन 40 लोगों को रोजगार भी मिलता है। उन्होंने कहा कि पहले 98 प्रतिशत मोबाइल दूसरे देशों से इंपोर्ट किया जाता था, अब 98 प्रतिशत मोबाइल भारत में बनता है, जिसमें से अब एक आईफोन भी है। रक्षा क्षेत्र की बात करें तो देश का एक्सपोर्ट 686 करोड़ रुपए से 23622 करोड़ रुपए पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि मोदी शासनकाल में भारत 7.3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनकर चौथे स्थान पर पहुंच गया है। आज भारत में डेस्टिनेशन वेडिंग, भारतीय पर्यटक, भारत दर्शन, संस्कृत धरोहर, योग, खगोल शास्त्र पर अद्भुत काम हो रहा है। यह केवल इसलिए संभव है क्योंकि प्रधान मंत्री मोदी जो कहते हैं वह करके दिखाते हैं और जो सोचते हैं उसको धरातल पर उतरना जानते हैं। उन्होंने कहा कि देश में आज भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मैजिक चल रहा है।
