शिमला। हिमाचल प्रदेश में बुधवार से इंतरराज्यीय यानी इंटर स्टेट बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। सरकार चरणबद्ध तरीके से इंटर स्टेट बसों का संचालन कर रही है और इसके तहत पहले चरण में पंजाब व हरियाणा के कुछ रूटों और उत्तराखंड के हरिद्वार के लिए बस सेवा शुरू की जाएगी। सरकार ने नवरात्र फेस्टिवल को देखते हुए यह निर्णय लिया है।
परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ने मंगलवार को यहां बताया कि प्रदेश सरकार ने 14 अक्तूबर, 2020 से हिमाचल पथ परिवहन निगम की अंतरराज्यीय बस सेवाओं के परिचालन का निर्णय लिया है। प्रथम चरण में 25 रूटों पर अंतरराज्यीय बस सेवाएं आरम्भ की जाएंगी। इनमें चंडीगढ़, पठानकोट, बद्दी, होशियारपुर, लुधियाना, अम्बाला, हरिद्वार इत्यादि प्रमुख हैं। अंतरराज्यीय रूटों पर सिर्फ गैर-वातानुकूलित (नाॅन-एसी) बसें ही चलाई जाएंगी। अंतरराज्यीय बस रूटों में रात्रि बस सेवाएं भी सम्मिलित की गई हैं।
बिक्रम सिंह ने कहा कि नवरात्रों और त्योहारों के मद्देनजर लोगों को सुविधा प्रदान करने के दृष्टिगत प्रदेश सरकार ने यह निर्णय लिया है। पिछले कुछ समय से आम लोग भी अंतरराज्यीय बस सेवाएं आरम्भ करने की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही अन्य राज्यों के लिए भी अंतरराज्यीय बस सेवाओं का परिचालन आरम्भ किया जाएगा। परिवहन मंत्री ने कहा कि अंतरराज्यीय रूटों पर बसों के परिचालन के लिए कोरोना वायरस से बचाव के लिए सभी दिशा-निर्देशों का सख़्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
