शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भाजपा से आपदा राहत कार्यों को लेकर किसी भी प्रकार की राजनीति न करने को कहा है। प्रदेश में भारी बारिश व भूस्खलन से जानमाल का बहुत नुकसान हो रहा है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर इसका विपरीत असर पड़ा है। किसानों और बागवानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। ऐसे में भाजपा को इस मामले में राजनीति करने से परहेज करना। चाहिए।
प्रतिभा सिंह ने पार्टी के सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं से आपदा राहत को लेकर भाजपा के किसी भी दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देने व भाजपा के किसी भी झूठे प्रचार से लोगों को सचेत करने को भी कहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार की सराहना करते हुए कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल व बिजली आपूर्ति की बहाली कर दी गई है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित लोगों की भी हर प्रकार से मदद के लिये प्रदेश सरकार पूरी तरह वचनबद्ध है।
प्रतिभा सिंह ने आपदा के इस समय में जन सहयोग का आग्रह करते हुए सभी से राहत कोष में अंशदान देने व प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद का आह्वान किया। प्रतिभा सिंह ने उन राज्यों का भी आभार व्यक्त किया जो इस समय प्रदेश की किसी न किसी तरह आर्थिक व अन्य सामान की मदद कर रहे हैं।
