हैदराबाद की ऐतिहासिक व सांस्कृतिक धरोहरों से होंगे रूबरू विद्यार्थी
एक्सपीरियंशल लर्निंग से विद्यार्थियों को मिलेगा नया दृष्टिकोण, आत्मविश्वास और प्रेरणा
शिमला। हिमाचल प्रदेश के पीएम श्री स्कूलों के मेधावी छात्र-छात्राओं का एक दल पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण के लिए हैदराबाद रवाना हुआ है। इस दल में प्रदेश के हमीरपुर और बिलासपुर जिलों के 66 मेधावी बच्चे शामिल हैं। बच्चों के साथ इस शैक्षणिक भ्रमण में 6 एस्कॉर्ट शिक्षक और जिला नोडल अधिकारी भी शामिल हैं।
स्कूली विद्यार्थियों का दल चंडीगढ़ से हवाई यात्रा के माध्यम से हैदराबाद पहुंचा। यहां वे बी.एम. बिरला साइंस सेंटर, सालारजंग म्यूजियम, रामोजी फिल्म सिटी, लुंबिनी पार्क, हुसैन सागर लेक और चारमीनार जैसे प्रमुख स्थलों का भ्रमण करेंगे और इन उच्च शैक्षणिक संस्थानों की शिक्षा व्यवस्था व महत्वत्ता के बारें में जानकारी प्राप्त करेंगे। इसके अलावा वे इस भ्रमण में ऐतिहासिक इमारतों को नजदीक से निहारेगे, जो उनके लिए इतिहास और वास्तुकला का जीवंत पाठ बनेंगे।
राज्य नोडल अधिकारी (पीएम श्री योजना) रविंदर सिंह ने बताया कि समग्र शिक्षा के तहत आयोजित यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को न केवल ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों की जानकारी देगा, बल्कि उन्हें नए अनुभवों से समृद्ध कर आत्मविश्वास, दृष्टिकोण और नेतृत्व क्षमता में भी वृद्धि करेगा। उन्होंने बताया कि समग्र शिक्षा राज्य निदेशक राजेश शर्मा के मार्गदर्शन तथा शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा की चारदीवारी से बाहर निकालकर उन्हें अनुभव आधारित शिक्षा से जोड़ना है। इससे छात्र भारत की सांस्कृतिक विविधता, ऐतिहासिक महत्व और राष्ट्रीय संस्थानों को प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से समझ सकेंगे।
यह पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण 29 अगस्त से प्रारंभ होकर 2 सितंबर को संपन्न होगा। विद्यार्थी इस भ्रमण को लेकर बेहद उत्साहित हैं और इसे अपने जीवन का यादगार अनुभव मान रहे हैं।
समग्र शिक्षा के तहत शिक्षक व बच्चे भी पहले कर चुके शैक्षणिक भ्रमण
उल्लेखनीय है कि समग्र शिक्षा समय-समय पर शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए ऐसे शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन करती रही है।समग्र शिक्षा के तहत प्रदेश के 50 मेधावी छात्रों को कंबोडिया और सिंगापुर के शैक्षणिक भ्रमण पर भेजा गया था वहीं एक बैच को जापान के शैक्षणिक भ्रमण पर भी भेज चुका है। वहीं इसके अलावा अलग अलग बैच में प्रदेश के सेंकडो मेधावी बच्चे देश के प्रसिद्ध ,ऐतिहासिक शिक्षण व अन्य संस्थानों का भ्रमण करेंगे। बता दें कि केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय भी समग्र शिक्षा के तहत प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र सुधार के लिए उठाए जा रहे कदमो की सराहना कर चुका है। इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में वैश्विक शिक्षा व्यवस्था देश के प्रसिद्ध राज्यों की शैक्षणिक व्यवस्था के समावेशी दृष्टिकोण और व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने के मदद कर रहा है।
