Spread the love

बिलासपुर। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मंगलवार को बिलासपुर जिला के बस्सी स्थित 5वीं आईआरबी (महिला) बटालियन के 17वें स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने ज्योति प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न खेलकूद गतिविधियों में बेहतरीन एवं उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले 24 पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर बटालियन के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कुल सात पुलिस बटालियन हैं जिनमें बस्सी स्थित यह एक मात्र महिला बटालियन है। यह महिला बटालियन प्रदेश में महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में महिला पुलिस कर्मी उच्च पदों पर पहुंचेगी तथा यह बटालियन पूरी तरह से महिलाओं द्वारा ही संचालित की जाएगी। उन्होंने कहा कि आज हमारी महिला पुलिसकर्मी बेहतरीन कार्य करते हुए प्रदेश के दूर-दराज व दुर्गम क्षेत्रों में कार्य करने के साथ-साथ चुनाव, कानून-व्यवस्था तथा ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी को भी बखूबी निभा रही हैं।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पुलिस ने प्रदेश से नशा उन्मूलन की दिशा में बेहतरीन कार्य किया है। नशे कारोबार से जुड़े 42 मामलों में कार्रवाई करते हुए लगभग 45 करोड़ रुपये की संपति को जब्त किया है। प्रदेश सरकार ने पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट को सख्ती से लागू किया है तथा प्रदेश से नशे के संपूर्ण उन्मूलन के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग ने परिवहन विभाग के सहयोग से कई ब्लैक स्पाॅट को दुरूस्त किया है। जिसके कारण प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में भी 5 प्रतिशत की कमी दर्ज हुई है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ा शिकंजा कस्ते हुए पुलिस ने 16 हजार चालान किये हैं। प्रदेश में 4.25 लाख डिजिटल चालान कर प्रदेश के कोष में 46 लाख रुपये जमा हुए हैं। उन्होंने कहा कि सीसीटीएन में प्रदेश पुलिस देश भर में पिछले पांच वर्षों से पहले स्थान पर बनी हुई है। प्रदेश का सोलन पुलिस थाना देश के अग्रणी दस थानों में शामिल हुआ है।

उप मुख्यमंत्री ने बटालियन में पानी की समस्या को लेकर विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये तथा कहा कि इस समस्या को दूर करने के लिए जितनी धनराशि की जरूरत होगी उसे उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने बटालियन में मंदिर निर्माण के लिए 5 लाख रुपये देेने की घोषणा भी की।

समारोह में हिमाचल पुलिस बैंड “हार्मनी ऑफ द पाइंस” ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि महिला बटालियन बस्सी की क्यूआरटी टीम ने भी अपनी प्रस्तुति दी। इससे पूर्व 5वीं आईआरबी बटालियन, महिला बस्सी के कमांडेंट राकेश सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा बटालियन की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा की।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर, विकास ठाकुर, अशोक ठाकुर, कमांडेंट बनगढ़ बटालियन आकृति शर्मा, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *