Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिवालय के मुख्य समिति कक्ष में बुधवार को याचिका समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष एवं याचिका समिति के सभापति कुलदीप सिंह पठानिया‌ ने की। इस बैठक में समिति सदस्य चन्द्रशेखर, नीरज नैय्यर, रीना कश्यप, कमलेश ठाकुर तथा अनुराधा राणा शामिल हुई। 

याचिका समिति को अभी तक कुल 55 याचिकाएं आमजन से प्राप्त हुई हैं जिन पर समिति द्वारा निरन्तर सुनवाई करते हुए अधिकतर याचिकाओं का निपटारा किया गया है,‌ जबकि कुछ याचिकाएं विभागीय उत्तर उपलब्ध न होने के कारण लम्बित पड़ी हैं। इसके लिए समिति ने अधिकारियों को शीघ्र उत्तर उपलब्ध करवाने के आदेश देते हुए इसका शीघ्र निपटारा करने की इच्छा जाहिर की है।

कुल 55 याचिकाओं में समिति के समक्ष शिक्षा विभाग की 13, राजस्व विभाग की 11, महिला एंव बाल विकास विभाग की 1, परिवहन विभाग की 1, प्रदूषण नियन्त्रण बोर्ड की 3, ग्रामीण बैंक की 1, जल शक्ति विभाग की 1, वन विभाग की 3, विविध पत्राचार से 10 तथा लोक निर्माण विभाग की 6 याचिकाएं प्राप्त हुई। आज की बैठक में समिति ने अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व तथा गृह) का राजस्व तथा गृह विभाग से सम्बन्घित याचिकाओं पर मौखिक साक्ष्य लिया तथा आज के लिए समिति के समक्ष प्रस्तुत राजस्व विभाग की 11 तथा गृह विभाग की दो याचिकाओं की सुनवाई करते हुए चार याचिकाओं का निपटारा किया गया। शेष याचिकाओं में विभागीय सचिवों से शीघ्र उत्तर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए ताकि इन याचिकाओं का शीघ्र निपटारा किया जा सके। 

बैठक के दौरान समिति ने शिक्षा विभाग की 12, विद्युत विभाग की 1, सैनिक कल्याण विभाग की 1 याचिका पर सचिव (शिक्षा, विद्युत व सैनिक कल्याण) का मौखिक साक्ष्य लिया गया। मौखिक साक्ष्य के दौरान शिक्षा सचिव के उत्तरों से सन्‍तुष्ट होने के उपरान्त समिति ने शिक्षा विभाग की 6 याचिकाओं व विद्युत विभाग की 1 याचिका का निपटारा करते हुए अभ्यर्थियों को सूचित करने का निर्णय लिया, जबकि सैनिक कल्याण विभाग की एक याचिका पर समिति अगली बैठक में निर्णय लेगी।

 इस अवसर पर चर्चा के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि 28 वर्षों के पश्चात जनता को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए याचिका समिति का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास न्यायलय जाने के लिए धन नहीं है वे याचिका समिति को सीधे आवेदन कर शीघ्र न्याय पा सकते हैं। बैठक में विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा भी मौजूद थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *