Spread the love

कहा – प्रदेश की रजनीति की वास्तविक स्थिति से हाईकमान को करवाया है अवगत 

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि संगठन के गठन को लेकर हाईकमान का फैसला अंतिम व सर्वमान्य होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी का संगठन सर्वोपरि होता है और इसका कोई भी फैसला या निर्णय सभी को मान्य होता है। उन्होंने कहा कि पिछले 9 महीनों से प्रदेश में संगठन न होने के बावजूद पार्टी में कार्यकर्ताओं ने उनके साथ जिस मजबूती से कार्य किया है, वह बहुत ही सराहनीय है। उनकी आवाज बुलंद करने में वह कभी भी पीछे नहीं हट सकती।

प्रतिभा सिंह ने शुक्रवार को यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकार वार्ता में कहा कि दिल्ली में उन्होंने प्रदेश की रजनीति की वास्तविक स्थिति से हाईकमान को अवगत करवा दिया है। अब कोई भी फैसला पार्टी हाईकमान को लेना है। संगठन के गठन को लेकर उनकी शीर्ष नेतृत्व में खुल कर चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में ही प्रदेश के विधानसभा चुनाव हुए,‌ जिसके बाद प्रदेश में कांग्रेस की मजबूत सरकार बनी। संगठन की मजबूती के लिए उन्होंने हर स्तर पर पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ दिन रात एकजुटता से कार्य किया। कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी। इसलिए कार्यकर्ताओं की भावनाओं का पूरा सम्मान किया जाना चाहिए।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह ने हमेशा ही कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए प्रदेश की सेवा की। यही कारण रहा कि उन्हें प्रदेश में एक लंबे समय तक, छह बार मुख्यमंत्री के तौर पर प्रदेश की सेवा करने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि सभी से प्रेम व बिना किसी भेदभाव के विकास का जो पथ वीरभद्र सिंह हम सब को विरासत के तौर पर पीछे छोड़ कर गए हैं, उस पथ का अनुसरण करते हुए होलीलॉज हमेशा ही कार्य करता रहेगा। 

प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में वीरभद्र सिंह की धरोहर, आज भी प्रदेश में बहुत बड़ा वर्ग वीरभद्र सिंह के इस पथ पर उनके साथ मजबूती से खड़ा है और अगर इसकी किसी भी प्रकार से कोई अनदेखी की जाती है तो प्रदेश में पार्टी के लिये यह बहुत नुक़सानदायक साबित हो सकती है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही प्रदेश में नगर निकाय व पंचायतों राज संस्थाओं के चुनाव होने है। किसी भी पार्टी की विचारधारा इन्ही चुनावों से आगे बढ़ती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है,आवश्यकता है तो बस सरकार के साथ उनके तालमेल की है,उन्हें मान सम्मान देने की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *