Spread the love

बंजार में भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड का जागरूकता शिविर आयोजित 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का प्रयास प्रदेश के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को पहुंचे योजनाओं का लाभ 

कुल्लू। वर्तमान प्रदेश सरकार ने भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दिशा निर्देशों में इन योजनाओं को जरूरमंद और पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए बोर्ड त्वरित कार्रवाई कर रहा है। बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने रविवार को बंजार के अंबेडकर भवन में आयोजित जागरूकता शिविर कार्यक्रम में यह बात कही।

वह यहां एक जागरूकता कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए।

कंवर ने पंचायत जन प्रतिनिधियों से भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगारों के दस्तावेजों को सत्यापित करने और बोर्ड में पंजीकृत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि 90 दिन मनरेगा में निर्माण कार्य करने वाले कामगार भी बोर्ड के तहत पंजीकरण के लिए पात्र होंगे। पंजीकृत व्यक्ति को शादी के लिए वित्तीय सहायता-लाभार्थी के स्वयं के विवाह तथा दो बच्चों के विवाह के लिए 51 हजार रुपए सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा चिकित्सा सहायता के तौर पर 50 हजार से लेकर 5 लाख, बच्चों की शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता के लिए 8400 रुपए से लेकर 1लाख 20 हजार रुपए तक सहायता राशि प्रदान की जाती है।

नरदेव कंवर ने कहा कि बोर्ड में पंजीकृत कामगार को 60 साल की आयु पूर्ण होने पर 1 हजार रुपए पेंशन प्रतिमाह, बेटी जन्म उपहार योजना के तहत 51 हजार रुपए, विधवा पेंशन के तहत 1500 रुपए प्रतिमाह, छात्रावास सुविधा योजना के तहत 20 हजार रुपए प्रतिवर्ष प्रदान किए जा रहे हैं।

नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि आवास योजना के तहत 1.50 लाख रुपए और दिव्यांग, तलाकशुदा एवं एकल नारी के लिए भवन निर्माण को 3 लाख रुपए राशि बोर्ड के पंजीकृत कामगारों को प्रदान की जा रही है। उन्होंने श्रमिक कल्याण कार्यालय बंजार में खोलने के लिए सरकार के समक्ष प्रमुखता से मामला उठाने का आश्वासन दिया। 

एपीएमसी के अध्यक्ष राम सिंह मियां ने बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान अध्यक्ष ने बोर्ड की योजनाएं प्रभावशाली तरीके से आम लोगों तक पहुंचा रहे हैं और प्रत्येक जिले तथा विधानसभा स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में सरकार ने दूध का न्यून्तम समर्थन मूल्य घोषित किया गया है। इसके कारण मिल्कफेड के तहत दूध खरीद में अप्रत्याशित बढ़ौतरी हुई है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और जन प्रतिनिधियों से मनरेगा सहित अन्य पात्र कामगारों को कामगार कल्याण बोर्ड में जोड़ने की अपील भी की। 

उन्होंने बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर का बंजार क्षेत्र में भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार बोर्ड के तहत जागरूकता शिविर आयोजित करने का आभार जताया। 

बोर्ड के अधिकारियों ने शिविर में जानकारी प्रदान की कि बोर्ड के कुल्लू कार्यालय के तहत 8 खंड आते हैं। इसमें से बंजार विधानसभा क्षेत्र में व वित्त वर्ष 24-25 में 31 मार्च 2025 तक 12822 मजदूर का पंजीकरण हो चुका है। जिनमें से 186 लाभार्थियों को 75 लाख 75 हज़ार 848 रुपए की लाभ राशि प्रदान की जा चुकी है।

बोर्ड के तहत पंजीकरण एवं योजनाओं का लाभ लेने के लिए मजदूरों को 90 दिन मनरेगा के तहत भवन निर्माण या अन्य सन्निर्माण कार्य दिवस होने चाहिए।

कार्यक्रम के आयोजकों की ओर से बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर और एपीएम सी के अध्यक्ष राम सिंह मियां सहित अन्य गणमान्यों को सम्मानित किया गया।

 इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य मान सिंह, कार्यकारी एसडीएम नीरज शर्मा, अध्यक्ष नगर परिषद बंजार आशा शर्मा, इंटक प्रधान खिमी राम, श्रम कल्याण अधिकारी शशांक, सेक्शन ऑफिसर विनय कुमार, विभिन्न स्थानीय जन प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *