Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने बुधवार को देहरा में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट की। नियुक्ति के बाद सीएम के साथ नवनियुक्त कुलपति की यह पहली औपचारिक मुलाकात थी। 

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय को न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होना चाहिए, बल्कि शोध और विस्तार गतिविधियों में भी नए कीर्तिमान स्थापित करने चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनियुक्त कुलपति के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इस दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति करेगा।

सीएम और वीसी की इस मुलाक़ात के दौरान, विश्वविद्यालय के विकास और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय कैंपस में चल रहे अधूरे निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए ताकि छात्रों और शिक्षकों को कैंपस में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने मुख्यमंत्री के साथ हुई चर्चा के लिए आभार व्यक्त किया और आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ शोध और सामाजिक विस्तार में भी उत्कृष्टता प्राप्त करना होगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *