Spread the love

शिमला। महान समाजसेविका, कुशल शासिका और प्रजावत्सला रानी अहिल्या बाई होलकर की जयंती पर बुधवार को भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदेश कार्यशाला का आयोजन किया। इस कार्यशाला में भाजपा राष्ट्रीय महिला मोर्चा की महामंत्री दीप्ति रावत मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, महामंत्री त्रिलोक कपूर, बिहारी लाल शर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष वंदना गुलेरिया सहित कई गणमान्य नेता मौजूद रहे।

इस अवसर पर दीप्ति रावत ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर का जीवन महिला सशक्तिकरण की एक जीवंत मिसाल है। उन्होंने न केवल एक राज्य की बागडोर संभाली, बल्कि कुशलता से शासन करते हुए राज्य की आर्थिक, सांस्कृतिक और सामाजिक उन्नति में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने माहेश्वर को अपनी राजधानी बनाकर वहां की जीडीपी में बढ़ोतरी की, कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहित किया और महेश्वर की साड़ी को देशभर में प्रसिद्ध किया। 

दीप्ति रावत ने बताया कि अहिल्याबाई ने न केवल शासन व्यवस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि तीर्थों, घाटों, कुओं और बावड़ियों के निर्माण के माध्यम से सामाजिक कल्याण का भी कार्य किया। उन्होंने भूखों के लिए अन्नछत्र, प्यासों के लिए प्याऊ और विद्वानों के लिए मंदिरों में व्याख्यान की व्यवस्था की। उनका जीवन सेवा, न्याय और त्याग की मिसाल है। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई एक योग्य योद्धा भी थीं। उन्होंने अपने राज्य की रक्षा के लिए युद्ध कौशल का प्रदर्शन किया और आक्रमणकारियों को पराजित किया। उस दौर में जब सती प्रथा प्रचलित थी, तब उनके ससुर मल्हारराव होलकर ने उन्हें सती होने से रोकते हुए राज्य की सेवा के लिए प्रेरित किया। यह निर्णय उनके जीवन को एक नई दिशा देने वाला सिद्ध हुआ।

दीप्ति रावत ने बताया कि भाजपा पूरे देश और प्रदेश में अहिल्याबाई होलकर की प्रेरणादायी गाथा के माध्यम से महिला सशक्तिकरण के लिए व्यापक कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समाज को अहिल्याबाई जैसे आदर्शों की आवश्यकता है, जिनसे महिलाएं नेतृत्व, सेवा और आत्मबल की प्रेरणा ले सकें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *