Spread the love

 “अभिनिवृति–नशे से मुक्ति” अभियान को मिलेगी नई गति – नैंसी अटल 

शिमला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) हिमाचल की प्रदेश स्तरीय कार्यसमिति की बैठक में नशाखोरी पर चिंता जताई गई। साथ ही इसके खिलाफ अभियान चलाने को लेकर मंथन किया गया। इस कार्यसमिति की बैठक का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राकेश शर्मा, प्रदेश मंत्री कुमारी नैंसी अटल एवं प्रदेश संगठन मंत्री धनदेव ठाकुर ने किया। बैठक में विशेष रूप से अभाविप विशेष आमंत्रित सदस्य प्रो. प्रदीप कुमार, उत्तर क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री गौरव अत्री भी उपस्थित रहे। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, आगामी कार्य योजना निर्धारण एवं सामाजिक सरोकारों पर भी मंथन किया गया।

प्रदेश मंत्री नैंसी अटल ने कहा कि अभाविप की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेशभर से सभी कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया व बैठक में हिमाचल प्रदेश की वर्तमान परिदृश्य एवं शैक्षणिक स्थिति पर गंभीर चर्चा हुई। विशेष रूप से प्रदेश में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की गई। इसी संदर्भ में अभाविप हिमाचल द्वारा आरंभ किए गए विशेष अभियान “अभिनिवृति – नशे से मुक्ति” की प्रगति का मूल्यांकन किया गया तथा इसे और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने पर बल दिया गया।

नैंसी अटल ने कहा कि बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने निर्णय लिया कि आगामी समय में यह अभियान प्रदेश के प्रत्येक कॉलेज, विश्वविद्यालय एवं युवा समूहों तक पहुंचाया जाएगा। इसके अंतर्गत जनजागरूकता रैलियां, संवाद कार्यक्रम, दीवार लेखन, नुक्कड़ नाटक व नशामुक्ति कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। 

प्रदेश मंत्री नैंसी अटल ने कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल छात्रहित ही नहीं, समाजहित के लिए भी प्रतिबद्ध है। “अभिनिवृति” अभियान के माध्यम से अभाविप युवाओं को नशे से दूर कर उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि अभाविप हिमाचल प्रदेश इस संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है कि “स्वस्थ युवा, सशक्त राष्ट्र” का सपना साकार हो सके। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *