Spread the love

शिमला। हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण सोमवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिवालय पहुंचे। विधानसभा सचिवालय पहुंचने पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने उनकी अगवानी की तथा गुलदस्ता भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। 

कुलदीप पठानिया ने अपने कार्यालय कक्ष में हरविन्द्र कल्याण को शॉल, टोपी पहनाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनकी धर्मपत्नी को भी शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी मौजूद थे। 

इस दौरान हरविन्द्र कल्याण को कुलदीप सिंह पठानिया ने कौंसिल चैम्बर के इतिहास की जानकारी दी। सदन की कार्यवाही आरम्भ होने से पूर्व पठानिया ने उन्हें अवगत करवाते हुए कहा कि कौंसिल चैम्बर एक ऐतिहासिक इमारत है जिसका निर्माण वर्ष 1920 से 1925 के बीच 10 लाख रुपए की लागत से हुआ था। यह इमारत देश की पहली राष्ट्रीय असैम्बली बनी तथा विठ्ठल भाई पटेल ने अंग्रेज प्रतिद्वन्‍द्वी को 2 मतों से हराकर राष्ट्रीय असैम्बली का पहला चेयरमैन बनने का गौरव हासिल किया। महिलाओं को मताधिकार का अधिकार तथा अंग्रेजो भारत छोड़ो का प्रस्ताव यहीं से पारित हुआ था। कौंसिल चैम्बर को पंजाब विधानसभा होने का भी गौरव प्राप्त हुआ था। 1952 से 1957 तथा पुन: 1 जुलाई, 1963 से हिमाचल प्रदेश विधान सभा का यह प्रमुख भवन है। 

 पठानिया ने बैठक के दौरान कहा कि सदन में अध्यक्ष का आसन बर्मीज टीक से बनी कुर्सी वर्ष 1925 में बर्मा सरकार द्वारा तत्कालीन बर्तानिया सरकार को उपहार स्वरूप भेंट की गई थी जो आज भी ज्यों की त्यों है। पठानिया ने कहा कि इस विधानसभा को देश की पहली पेपर लैस विधानसभा होने का गौरव प्राप्त हुआ है, जब 4 अगस्त, 2014 को हिमाचल ई-विधान प्रणाली लागू की गई थी। अब हमने भी डिजिटल इंडिया अभियान के तहत हिमाचल ई-विधान प्रणाली छोड़कर राष्ट्रीय ई-विधान (नेवा) को अपना लिया है जिसका कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त पठानियां ने हरविन्द्र कल्याण से हिमाचल प्रदेश विधानसभा की कार्यप्रणाली, समिति प्रणाली, सत्र संचालन तथा आन्तरिक क्रिया-कलापो की भी जानकारी सांझा की। 

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कुलदीप पठानिया का अतिथि सत्कार करने के लिए आभार प्रकट किया तथा उन्हें हरियाणा विधानसभा आने का निमंत्रण दिया। हरविंद्र कल्याण ने कहा कि कुलदीप पठानिया को जिस तरह का संसदीय प्रणाली तथा विधायी ज्ञान है वह प्रशंसनीय है जिस वजह से वह इनसे प्रभावित हुए हैं और उनका दिल से सम्मान करते हैं। 

हरविन्द्र कल्याण ने कुलदीप पठानिया को हरियाणा विधानसभा की कार्यप्रणाली तथा क्रिया-कलापों की जानकारी दी तथा विधायी कार्य तथा प्रजातांत्रिक प्रणाली पर चर्चा की। 

   मुलाकात के बाद हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने विशिष्ट अतिथि दीर्घा से जहां उनके लिए विशेष आसन की व्यवस्था की गई थी, सदन की कार्यवाही को देखा तथा विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने अपने आसन से विशेष उल्लेख करते हुए सदन में मौजूद सभी माननीय सदस्यों से उनका परिचय करवाया। 

गौर हो कि हरविन्द्र कल्याण रविवार से हिमाचल राज्य के प्रवास पर हैं तथा राज्य सरकार द्वारा उन्हें राज्य अतिथि घोषित किया गया है। हरविंद्र कल्याण ने सोमवार को ही राजभवन पहुंचकर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के साथ भी शिष्टाचार भेंट की। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *