शिमला। हिमाचल प्रदेश में खेल विभाग के एथलेटिक कोच बलबीर सिंह ने 45वीं राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक और 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता है। इस प्रकार बलबीर सिंह ने इंडोनेशिया में होने वाली एशियन मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
ओलंपियन स्टीव पर्किन्स और जुऑन ओर्ड़ोनेज ने बलबीर सिंह को पदक दे कर सम्मानित किया तथा उनके प्रदर्शन की सराहना की। बैंगलुरू में 4 से 9 मार्च 2025 आयोजित इस चैंपियनशिप में देशभर से 2000 से ज्यादा खिलाडियों ने भाग लिया। इसमें 5000 मीटर की दौड़ में 50 से ज्यादा तथा 1500 मीटर की दौड़ में 60 से ज्यादा खिलाड़ियों ने भाग लिया।
बलबीर सिंह ने इनको पीछे छोड़ बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पांच हजार मीटर दौड़ को 19 मिनट 15 सेकंड में तथा 1500 मीटर दौड़ को 5 मिनट 6 सेकंड में पूरा किया। हाल ही में आयोजित ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज में भी उन्होंने 1500 मीटर की दौड़ में कांस्य पदक जीता था।
अपने अनुभव को साझा करते हुए बलबीर सिंह ने कहा कि दौड़ना केवल शारीरिक सहनशक्ति की परीक्षा नहीं है, यह मानसिक शक्ति की भी परीक्षा है। बलबीर का मानना है कि एक कठोर प्रशिक्षण और समर्पण के माध्यम से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। इसके साथ ही बलबीर ने फिटनेस और आहार के महत्व पर भी जोर दिया। वह बाहर के खाने से सख्त परहेज करते हैं और केवल घर का बना खाना खाते हैं।
भले ही आज बलबीर सिंह की उम्र 55 वर्ष हो गी है, लेकिन अभी भी उनमें दौड़ व खेलों के प्रति वही जज्बा है, जो उनके स्कूल, कॉलेज व विश्वविद्यालय में पढाई करते समय था। उस समय उन्होंने ऑल इंडिया इन्टर यूनिवर्सिटी स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।
