Spread the love

शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार व्यवस्था परिवर्तन के साथ आत्मनिर्भर हिमाचल बनाने की ओर अग्रसर है। उन्होंने युवाओं से प्रदेश कांग्रेस सरकार की नीतियां और कार्यक्रमों को आम जनता के बीच ले जाने का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें विपक्ष के किसी भी भ्रामक प्रचार से लोगों को जागरूक करना है। वै शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश युवा कांग्रेस के नव निर्वाचित अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर के पदभार समारोह व युवा शक्ति कार्यक्रम को ‌संबोधित कर रहे थे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा कांग्रेस के नव निर्वाचित पदाधिकारियों पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है और उन्हें इसे पूरी निष्ठा,समर्पण व ईमानदारी से निभाना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है, ऐसे में उन्हें युवाओं की समस्याओं और उनको दूर करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभानी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सरकार और आम लोगों विशेष तौर पर युवाओं के बीच सेतु का काम करते हुए इस जिम्मेदारी को निभाना होगा।

ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि युवा कांग्रेस पार्टी की रीढ़ है। सुक्खू ने कहा कि 27 साल पहले उन्होंने एनएसयूआई से राजनीति में कदम रखा और आज वह मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि संगठन बहुत महत्वपूर्ण होता है और इसी से हम किसी भी दल की विचारधारा से जुड़ते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी ने संगठन में लोकतांत्रिक ढंग से चुनावी प्रक्रिया को शुरू किया है और इसी प्रक्रिया के तहत आज प्रदेश में युवा कांग्रेस की नई कार्यकारिणी बनी है।

सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी क्षेत्र में 25 हजार युवाओं को रोजगार दे रही है जिसकी प्रक्रिया चली हुई है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त निजी क्षेत्र में भी रोजगार उपलब्ध करवाने के लिये सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए है। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप योजना को बढ़वा दिया जा रहा है जिससे युवा अपना रोजगार शुरू कर सकें।

विपक्ष की आलोचना करते हुए सुक्खू ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार जो डबल इंजन सरकार होने का दावा करती थी प्रदेश को 75 हजार करोड़ रुपए का कर्ज व 10 हजार करोड़ से अधिक की सरकारी देनदारियां कांग्रेस सरकार को विरासत में छोड़ कर गई। बावजूद इसके प्रदेश सरकार ने कुछ कड़े निर्णय लेकर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के प्रयास किये हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने विकास कार्यों में तेजी लाई है और सरकार अपने दायित्व से पीछे हटने वाली नहीं। उन्होंने युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों से एकजुट होकर संगठन की मजबूती के लिये कार्य करने को भी कहा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने अपने सम्बोधन में युवा कांग्रेस की पीठ थपथपाते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाने में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने युवा कांग्रेस के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि युवा शक्ति के कंधों पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के विचारों को आगे बढ़ाने व उनके हाथों को मजबूत करना आज देश की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज जिस तरह से देश मे लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है, संविधान को कमजोर किया जा रहा है, वह बहुत ही दुखदाई है। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करने के लिये युवा शक्ति को एकजुट होकर आगे आना होगा।

प्रतिभा सिंह ने युवा कांग्रेस के नव निर्वाचित अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर व उनकी कार्यकरणी को इस नए पदभार के लिये शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जाहिर की कि संगठन की मजबूती के लिये सभी युवा कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य करेंगे।

लोकनिर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी युवा कांग्रेस की नई टीम को अपनी शुभकामनाएं दी। साथ ही कहा कि उन्होंने भी युवा कांग्रेस का पांच साल तक अध्यक्ष पद संभाला। उन्होंने कहा कि इस दौरान उन्होंने मजबूती के साथ युवाओं को संगठन से जोड़ा। उन्होंने कहा कि सबको मिलकर एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि वह सब चुन कर इस मंच तक पहुंचे हैं। इसलिए उन्हें युवाओं के लिये, उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये मजबूती से कार्य करना होगा।

युवा कांग्रेस के नव निर्वाचित अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर ने सभी युवाओं का उन्हें अपना वोट देने के लिये आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह उनकी उम्मीदों को पूरा करने के पूरे प्रयास करेंगे। ठाकुर ने कहा कि एनएसयूआई के अध्यक्ष पद पर रहते हुए उन्होंने जमीनी स्तर पर युवाओं की समस्याओं को देखा और जाना है और उन्हें दूर करने के पूरे प्रयास किये हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें जो भी पूर्व में संगठन से आदेश मिले उन्हें उन्होंने पूरी निष्ठा व ईमानदारी से पूरा किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब युवा कांग्रेस की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद जो भी आदेश उन्हें मिलेंगे उसे वह पूरा करने में कोई कोर कसर बाकी नही रखेंगे।

इस दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि संगठन में जिसे जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे उन्हें हरहाल में पूरा करना होगा। उन्होंने कहा कि हर पदाधिकारी के कार्यो की समीक्षा होगी उसी आधार पर उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा।

सभा को युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी विनीत कम्बोज व पूर्व प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी ने भी संबोधित किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *