Spread the love

कहा – हिमाचल में अपराध चरम पर, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था बदहाल, सरकार मौन 

मोदी सरकार के पैसों से चल रहे सड़क निर्माण कार्य 

शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि उन्हें भाजपा की चिंता करने के बजाय हिमाचल प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और जनता की गंभीर समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।

डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा एक संगठित और सशक्त पार्टी है, जिसके 18 लाख से अधिक सक्रिय सदस्य हैं। प्रदेशभर के 8000 पोलिंग बूथों पर समितियां कार्यरत हैं, जो भाजपा की मजबूती को दर्शाती हैं। कांग्रेस को भाजपा की चिंता करने की बजाय अपने संगठन के बिखराव पर ध्यान देना चाहिए, जहां न मंडल अध्यक्ष हैं, न जिला अध्यक्ष और न ही प्रदेश स्तर पर कोई ठोस नेतृत्व।

भाजपा अध्यक्ष ने प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराधों को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बलात्कार, हत्या, लूट और अन्य जघन्य अपराधों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। उन्होंने हाल ही में चंबा में दलित युवक की नृशंस हत्या और सोलन में सिर काटकर शव को कई किलोमीटर दूर फेंकने की घटनाओं का जिक्र किया, जो प्रदेश में कानून व्यवस्था की भयावह स्थिति को उजागर करती हैं।डॉ. बिंदल ने कहा कि खनन माफिया बेखौफ होकर नदियों और नालों का दोहन कर रहा है, लेकिन सरकार आंखें मूंदे बैठी है। मुख्यमंत्री भाजपा की आलोचना करने में व्यस्त हैं, लेकिन प्रदेश की वास्तविक समस्याओं पर उनकी कोई रुचि नहीं दिखती। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री यह दावा कर रहे हैं कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हो रही हैं, लेकिन हकीकत यह है कि अस्पतालों की स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है।आयुष्मान योजना के तहत अस्पतालों को भुगतान नहीं हो रहा, जिससे मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।108 एंबुलेंस सेवा ठप पड़ी है, कई गाड़ियां धक्का स्टार्ट हो रही हैं।रेफर किए जाने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, क्योंकि प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण इलाज नहीं मिल रहा। 

डॉ. बिंदल ने शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार स्कूलों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को बंद करने में जुटी है। पहले 100-200 -300स्कूल बंद करते हुए बंद करने की दिनों के हिसाब से प्रतिस्पर्धा चली हुई है । उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया,क्या सरकार संस्थानों को बंद करके विकास कर रही है? 

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में सड़क निर्माण कार्य सिर्फ मोदी सरकार के पैसों से ही चल रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हिमाचल को भारी मात्रा में फंड मिल रहा है। उन्होंने कहा जितना पूर्व भाजपा सरकार में सड़कों के लिए फंड आया उससे अधिक कांग्रेस सरकार में आ रहा लेकिन राज्य सरकार इसे सही से उपयोग करने में पूरी तरह विफल रही है। डॉ. बिंदल ने मुख्यमंत्री से सीधा सवाल किया कि क्या जनता ने उन्हें भाजपा की चिंता करने के लिए मुख्यमंत्री बनाया है, या प्रदेश की कानून व्यवस्था और विकास पर ध्यान देने के लिए?

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार यदि इसी तरह से प्रदेश की जनता के साथ अन्याय करती रही, संस्थाओं को बंद कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देती रही, तो भाजपा इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। भाजपा प्रदेश की जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से विधानसभा तक हर मोर्चे पर कांग्रेस सरकार का विरोध करेगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *