शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार की नीतियां और कार्य हिमाचल प्रदेश को बदनामी के कगार पर खड़ा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता, देवभूमि के रूप में पहचान और देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर सपूतों के लिए जाना जाता है, आज गलत कारणों से सुर्खियों में है।
डॉ. बिंदल ने हाल ही में दिसंबर के महीने में हुई एक घटना का हवाला देते हुए कहा कि लोग सिर पर बोतलें रखकर, कपड़े उतारकर और नग्न अवस्था में नृत्य कर रहे थे और प्रदेश के मुख्यमंत्री इसे प्रोत्साहित करते नजर आए। उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान, जिसमें हुड़दंग करने वालों को उनके होटल पहुंचाने की बात कही गई, को हिमाचल की छवि को धूमिल करने वाला बताया।
डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर किए गए वादों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2022 के चुनाव में कांग्रेस ने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया था, जिसे अब तक पूरा नहीं किया गया है। मुख्यमंत्री और अन्य कांग्रेस नेताओं ने जनता को गुमराह करते हुए बड़ी-बड़ी घोषणाएं की थीं, लेकिन दो साल बाद भी वे वादे अधूरे हैं। डॉ. बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने खुद अपनी बिजली सब्सिडी छोड़ने की बात कहकर लोगों को बरगलाने का प्रयास किया, जबकि 22 लाख उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा आज भी अधूरा है।
डॉ. बिंदल ने किसानों, महिलाओं और बेरोजगारों के साथ किए गए वादों पर भी सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहली कैबिनेट बैठक में एक लाख रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन आज तक एक भी नौकरी नहीं दी गई। इसके विपरीत, व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर व्यवस्थाओं को बर्बाद किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता, कांग्रेस की इन वादाखिलाफियों का हिसाब मांग रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता यह जानना चाहती है कि जो वादे करके कांग्रेस सत्ता में आई, वे उन्हें कब पूरा किया जाएगा।
डॉ. बिंदल ने कहा कि अगर कांग्रेस सरकार अपने वादे पूरे नहीं कर सकती, तो उसका सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता अब कांग्रेस से जवाब मांग रही है और भाजपा हर मोर्चे पर जनता के साथ खड़ी है।
