भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर राजनीति से प्रेरित कार्रवाई का लगाया आरोप
शिमला। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता चेतन सिंह बरागटा ने हिमाचल प्रदेश में जंगली मुर्गा प्रकरण को लेकर कांग्रेस सरकार द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने को तर्कहीन और राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है, बल्कि प्रदेश सरकार की असहिष्णुता को भी उजागर करता है।
चेतन सिंह बरागटा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार सुनियोजित तरीके से भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश के प्रतिष्ठित मीडिया हाउस को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा, “यह कार्रवाई आलोचनात्मक आवाजों को दबाने का प्रयास है, जो दर्शाता है कि कांग्रेस सरकार असहज सवालों और आलोचना का सामना करने में असमर्थ है।”
सरकार की प्राथमिकताओं पर उठाए सवाल
बरागटा ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस सरकार ने तुच्छ मामलों को लेकर समय और संसाधनों का दुरुपयोग किया है। उन्होंने कहा, “पहले समोसे की सीआईडी जांच करवाई गई और अब जंगली मुर्गा प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर दी गई। यह स्पष्ट करता है कि सरकार की प्राथमिकताएं क्या हैं और वह जनता की वास्तविक समस्याओं से दूर भाग रही है।”
चेतन बरागटा ने कहा कि भाजपा इस प्रकार की राजनीति से प्रेरित कार्रवाइयों की कड़ी निंदा करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि लोकतांत्रिक संस्थानों और मीडिया की आवाज को दबाने का हर प्रयास असफल होगा। उन्होंने कहा, “जनता सब देख रही है और समय आने पर कांग्रेस सरकार को इसका जवाब देगी।” उन्होंने कांग्रेस सरकार से आग्रह किया कि वह अपनी प्राथमिकताओं को सही करे और जनता की समस्याओं के समाधान पर ध्यान केंद्रित करे।
