Spread the love

शिमला। हिमाचल में कोरोना संक्रमण से पांच और लोगों की मौत हुई है। ये मौतें शिमला, चंबा, कांगड़ा, ऊना और कुल्लू जिले में हुई हैं। मंडी जिले की जोगिंद्रनगर तहसील क्षेत्र की कोरोना पॉजिटिव 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने टांडा अस्पताल में दम तोड़ दिया। उधर, कुल्लू जिले में भी कोरोना संक्रमण से एक और मौत हुई है। वहां, मिशन अस्पताल मनाली में इलाज के दौरान 57 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मौत के बाद व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। मृतक गुर्दे की बीमारी और उच्च रक्तचाप से पीड़ित था। वहीं, जिला कोविड-19 अस्पताल धर्मशाला में ऊना जिले के अंब की हीरा नगर कॉलोनी के कोरोना पॉजिटिव 63 वर्षीय व्यक्ति की भी कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। मृतक को 17 सितंबर को सांस लेने में दिक्कत, बुखार और खांसी की शिकायत के बाद ऊना से धर्मशाला रेफर किया गया था। इस प्रकार प्रदेश के कोरोना संक्रमितों की मौत का आंकड़ा 113 पहुंच गया है।

उधर, शनिवार को प्रदेश में 286 नए मामले आए हैं। सोलन जिले में 58, कांगड़ा जिले में 52, शिमला जिले में 33, बिलासपुर जिले में 30, सिरमौर जिले में 29, मंडी जिले में 24, ऊना जिले में 19, हमीरपुर जिले में 16, चंबा जिले में 14,  कुल्लू जिले में 10, किन्नौर जिले में एक मामला कोरोना पाजिटिव आया है। इस प्रकार राज्य में कोरोना संक्रमण के कुल 11908 मामले हो गए हैं। इनमें से 7457 मरीज ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घटे के दौरान रिकार्ड 403 मरीज ठीक हुए हैं। अब राज्य में कोरोना संक्रमण के 4308 एक्टिव केस हैं। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *